scorecardresearch
 

'कच्चा तेल फिर भेजेंगे', ट्रंप की नाकेबंदी के बीच रूस अपना टैंकर भेज रहा क्यूबा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा की ऊर्जा नाकेबंदी कर रखी है और कई बार चेतावनी दी है कि ईरान के बाद क्यूबा का नंबर है. ट्रंप की धमकियों के बावजूद रूस ने क्यूबा को पहले ही एक तेल टैंकर भेजा है और अब दूसरा टैंकर भेजने की तैयारी में है.

Advertisement
X
रूस एक बार फिर क्यूबा तेल भेज रहा है (Photo: Reuters)
रूस एक बार फिर क्यूबा तेल भेज रहा है (Photo: Reuters)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैरेबियाई देश क्यूबा की ऊर्जा नाकेबंदी कर रखी है और कई बार कह चुके हैं कि ईरान के बाद अगला नंबर क्यूबा का है. ट्रंप के टैरिफ के डर से कोई भी देश क्यूबा की मदद के लिए आगे नहीं आ रहा है लेकिन रूस को अमेरिकी राष्ट्रपति की धमकियों से कोई फर्क नहीं पड़ता. रूस ने हाल ही में भारी ऊर्जा संकट से जूझते क्यूबा को एक तेल टैंकर भेजा था और अब एक बार फिर वो क्यूबा को तेल भेजने की तैयारी में है.

रूस के ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविल्योव ने यह जानकारी देते हुए कहा कि क्यूबा पर जारी नाकेबंदी सही नहीं है. उन्होंने कहा कि रूस क्यूबा के साथ खड़ा है.

इससे पहले रूस का एक तेल टैंकर मातांजास बंदरगाह पर पहुंचा था. तेल टैंकर में लगभग 7,30,000 बैरल तेल लदा था जो कि करीब तीन महीनों में क्यूबा को यह पहली ऐसी सप्लाई थी.

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, कजान में एक ऊर्जा फोरम में बोलते हुए रूसी ऊर्जा मंत्री ने कहा कि रूस क्यूबा को अपनी मदद जारी रखेगा. उन्होंने बताया, 'एक और तेल टैंकर लोड किया जा रहा है और यह जल्द ही क्यूबा के लिए रवाना होगा.' 

इससे यह स्पष्ट होता है कि ऊर्जा संकट के दौरान रूस क्यूबा को अकेला नहीं छोड़ेगा.

पहले रूसी तेल टैंकर के क्यूबा पहुंचने पर ट्रंप ने क्या कहा था?

Advertisement

जनवरी के अंत में डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अमेरिका क्यूबा को तेल निर्यात करने वाले देशों पर टैरिफ लगा सकता है.

हालांकि, बाद में उन्होंने अपना रुख नरम करते हुए कहा कि 31 मार्च को क्यूबा पहुंचे रूसी टैंकर से उन्हें कोई समस्या नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इससे क्यूबा सरकार को कोई बड़ा सहारा मिलेगा.

रूसी तेल टैंकर के क्यूबा भेजने को लेकर रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा था, 'रूस अपने क्यूबाई मित्रों की मदद करना कर्तव्य मानता है. हमें खुशी है कि पेट्रोलियम उत्पादों की यह खेप द्वीप तक पहुंच गई है.'

अब जब रूस की तरफ से दूसरा तेल टैंकर क्यूबा भेजने की पूरी तैयारी हो चुकी है तो देखना होगा कि डोनाल्ड ट्रंप कैसी प्रतिक्रिया देते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement