पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खास सहयोगी राना सनाउल्लाह को लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद के साथ एक शादी समारोह में देखा गया.
पाकिस्तान के फैसलाबाद में एक शादी समारोह में सनाउल्लाह को तल्हा सईद के साथ देखा गया. इस घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के कथित संबंधों को उजागर किया.
शहबाज शरीफ के राजनीतिक मामलों के सलाहकार के रूप में काम कर रहे सनाउल्लाह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें वे तल्हा सईद से मिलते और हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस मुलाकात की सटीक तारीख की पुष्टि की पुष्टि नहीं हो सकी है.
दोनों की यह मुलाकात सवाल खड़े करती है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े लोग, वैश्विक प्रतिबंधों के बावजूद कैसे खुलेतौर पर दिखाई देते हैं और पाकिस्तान में प्रभावशाली बने रहते हैं.
2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और उनके बेटे तल्हा पर भारत, अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने प्रतिबंध लगा रखे हैं. हाफिज सईद पर आतंकवादी गतिविधियों विशेष रूप से मुंबई हमलों में भूमिका के कारण संपत्ति जब्त करने यात्रा प्रतिबंध और हथियारों पर प्रतिबंध जैसे कदम लागू हैं.
पाकिस्तान में सजा काट रहे हाफिज सईद के बारे में अक्सर खबरें आती रही हैं कि वे देश के भीतर स्वतंत्र रूप से घूमता है.उसके बेटा तल्हा सईद को भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया है.
भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों में शामिल हाफिज सईद का नाम 2019 के पुलवामा हमले की जांच में भी सामने आया है, जिसमें 40 CRPF जवान शहीद हुए थे. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं, जिनमें उन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी फंडिंग और गतिविधियों से जोड़ा गया है.