scorecardresearch
 

मोजतबा खामेनेई समेत 10 ईरानी नेताओं पर US ने रखा इनाम, जानकारी देने वाले को मिलेंगे एक करोड़ डॉलर

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी किए गए बैनर में कहा गया है कि ये व्यक्ति ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के विभिन्न हिस्सों का नेतृत्व करते हैं, जो दुनियाभर में आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाती है, उन्हें संगठित करती है और अंजाम देती है.

Advertisement
X
अमेरिका ने मोजतबा खामेनेई पर रखा इनाम. (Photo: AP)
अमेरिका ने मोजतबा खामेनेई पर रखा इनाम. (Photo: AP)

अमेरिका ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की जानकारी देने वालों के लिए इनाम घोषित किया है. मोजतबा के साथ-साथ ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर्प्स (आईआरजीसी) के प्रमुख नेताओं की जानकारी देने वालों के लिए एक करोड़ डॉलर के इनाम का ऐलान किया गया है.

अमेरिकी विदेश विभाग ने यह अपील रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम के तहत की है. विदेश विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें लोगों से उन व्यक्तियों के बारे में जानकारी देने की अपील की गई है, जिन्हें ईरानी आतंकवादी नेता बताया गया है. इस लिस्ट में आयतुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा सहित ईरान के कई बड़े नेता शामिल हैं.

पोस्टर में कहा गया है कि इस संबंध में दी जाने वाली जानकारी के आधार पर इनाम एक करोड़ डॉलर तक हो सकता है.साथ ही यह भी बताया गया कि विश्वसनीय जानकारी देने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर किसी दूसरे देश में बसाने की सुविधा भी दी जा सकती है.

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी किए गए बैनर में कहा गया है कि ये व्यक्ति ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के विभिन्न हिस्सों का नेतृत्व करते हैं, जो दुनियाभर में आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाती है, उन्हें संगठित करती है और अंजाम देती है.

Advertisement

इस अपील में अमेरिका ने जिन ईरानी अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी है, उनमें ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेयाजी, मेजर जनरल याह्या रहीम सफवी, गृह मंत्री ब्रिगेडियर जनरल एस्कंदर मोमेनी और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी शामिल हैं.

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि जिन लोगों के पास ईरान के इन अधिकारियों या आईआरजीसी के अन्य वरिष्ठ कमांडरों के बारे में जानकारी हैं. वे रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम के एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या टोर नेटवर्क पर उपलब्ध सुरक्षित चैनल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं.

बता दें कि यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है. अमेरिकी अधिकारी आईआरजीसी से जुड़े ईरानी सुरक्षा और खुफिया नेटवर्क पर दबाव बढ़ा रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement