scorecardresearch
 
Advertisement

US-Israel War on Iran LIVE: हॉर्मुज पर ऑपरेशन से फ्रांस का इनकार... सुरक्षा प्रमुख लारिजानी की मौत पर ईरान भड़का, इजरायल पर दागे मिसाइल

aajtak.in | 18 मार्च 2026, 7:52 PM IST

US-Israel-Iran War LIVE Updates:ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग 19 दिनों से जारी है. अमेरिका ने तेहरान, तबरीज, शिराज और चाबहार समेत 3,000 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरान ने दुबई एयरपोर्ट के पास मिसाइल और यूएई के तेल ठिकानों पर ड्रोन हमले किए हैं, इस युद्ध से कच्चे तेल की कीमत 153 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है.

तेहरान पर हमले और खाड़ी में तनाव - जंग 19वें दिन भी जारी, हालात बिगड़े (Photo: AP) तेहरान पर हमले और खाड़ी में तनाव - जंग 19वें दिन भी जारी, हालात बिगड़े (Photo: AP)

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग 19वें दिन में प्रवेश कर चुका है और रुकने के कोई आसार नहीं दिख रहे. इस पूरी लड़ाई में इजरायल भी बड़ी भूमिका निभा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार कह रहे हैं कि जंग जल्द खत्म होगी, लेकिन जमीन पर हालात इससे बिल्कुल उलटे हैं.

इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर हवाई हमले किए और ईरान के बड़े सुरक्षा अधिकारी अली लरिजानी तथा सेना के एक बड़े कमांडर को मार गिराने का दावा किया. वहीं अमेरिका ने तेहरान, तबरीज, शिराज और चाबहार जैसे बड़े शहरों और इलाकों पर सटीक हमले किए. अब तक 3,000 से ज्यादा ठिकाने तबाह किए जा चुके हैं. यह जंग 28 फरवरी से चल रही है.

ईरान चुप नहीं बैठा है. उसने दुबई एयरपोर्ट के पास मिसाइलें दागीं और यूएई के तेल ठिकानों पर ड्रोन से हमले किए. सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन पर भी ईरानी हथियार गिरे. इन हमलों का असर पूरी दुनिया पर पड़ा. कच्चे तेल की कीमत में भी उछाल देखा जा रहा है.

इस जंग में कुछ भारतीय नागरिक अजरबैजान की सीमा के पास फंसे हुए हैं. अमेरिका में आतंकवाद विरोधी प्रमुख जो केंट ने इस्तीफा देते हुए कहा कि ईरान से अभी कोई सीधा खतरा नहीं है.

मिडिल ईस्ट जंग से जुड़े हर छोटे-बड़े अपडेट्स के लिए फॉलो करें यह LIVE BLOG

7:52 PM (एक महीने पहले)

111 खुफिया सेल का भंडाफोड़, 4 अमेरिकी जासूस गिरफ्तार... लारिजानी की हत्या के बाद ईरान का बड़ा एक्शन

Posted by :- Nitin

इजरायली हवाई हमले में अली लारिजानी की मौत के बाद ईरान ने अपनी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े तसनीम न्यूज एजेंसी के हवाले से आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरानी खुफिया एजेंसियों ने देशभर में इजरायल और अमेरिका के जासूसी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है. अली लारिजानी, जो ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख थे, तेहरान के पास उनकी बेटी के घर पर हुए इजरायली हवाई हमले में मारे गए. इस हमले में उनके बेटे मोर्तजा लारिजानी की भी मौत हो गई. इजरायल ने ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को भी मारने का दावा किया है. यहां पढ़ें पूरी खबर...

6:40 PM (एक महीने पहले)

चीन जा रहे थे रूसी तेल के 7 जहाज... अचानक लिया यू-टर्न, भारत की ओर मुड़े

Posted by :- Nitin

रूसी तेल को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन जा रहे रूसी तेल से लदे टैंकर दक्षिण चीन सागर में यू-टर्न लेकर लौट गया है और अब भारत की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, क्योंकि भारत ने रूस से अपने आयात को दोगुना कर दिया है. ब्‍लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने रूसी तेल खरीद (Russia Oil Buy) को तेजी से बढ़ा रहा है, जिस कारण चीन जा रहे जहाजों को अब भारत के लिए मोड़ दिया गया है और इसमें से एक जहाज 21 मार्च को न्यू मैंगलोर पहुंचने वाला है. जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, इस शिप को जनवरी के अंत में बाल्टिक सागर के एक बंदरगाह से लोड किया था. यहां पढ़ें पूरी खबर...

4:09 PM (एक महीने पहले)

मिशन लारिजानी: इजरायल ने कैसे 'टारगेट' को किया ट्रैक और फिर अटैक...

Posted by :- Nitin

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद अली लारिजानी इजरायल का नंबर-1 टारगेट बन गए थे. 28 फरवरी को खामेनेई की मौत के बाद अली लारिजानी बेहद चौकन्ने हो गए थे. उन्होंने अपनी गतिविधियां सीमित कर ली थी. वे अपना स्थान लगातार बदल रहे थे. लेकिन इजरायल भी अपनी पूरी खुफिया ताकत के साथ उन्हें तलाश कर रहा था. पिछले 15 दिनों से इजरायल और अली लारिजानी के बीच चालाकी और चालबाजियों की पूरी आजमाइश हो रही थी. यहां पढ़ें पूरी खबर...

2:45 PM (एक महीने पहले)

ईरान के दोरुद में इजरायली हमला, 7 लोगों की मौत

Posted by :- Dheeraj

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी जंग अब और भीषण हो गई है. ताजा हमले में संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल ने ईरान के दोरुद शहर को निशाना बनाया है. इस हवाई हमले में अब तक 7 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 56 लोग घायल हुए हैं. क्षेत्र में तनाव चरम पर है और इस हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की आशंका और बढ़ गई है.
 

Advertisement
1:54 PM (एक महीने पहले)

'खाड़ी में अंधाधुंध हमले कर रहा ईरान', PM एंथोनी अल्बानीज का बड़ा आरोप

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अल्बानीज ने कहा कि ईरानी शासन खाड़ी क्षेत्र के अपने पड़ोसी देशों पर लगातार और मनमाने हमले कर रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह स्वीकार करना जरूरी है कि ईरान की ये हरकतें पूरे क्षेत्र की शांति के लिए खतरा हैं. 
 

1:26 PM (एक महीने पहले)

'हमें सिर्फ सीजफायर नहीं, जंग का खात्मा चाहिए', ईरानी विदेश मंत्री की दोटूक

Posted by :- Dheeraj

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अल-जजीरा को दिए इंटरव्यू में साफ किया कि ईरान केवल तात्कालिक युद्धविराम के पक्ष में नहीं है. उन्होंने कहा, 'हम सिर्फ सीजफायर नहीं, बल्कि लेबनान, यमन और इराक समेत हर मोर्चे पर पूरी तरह युद्ध खत्म करने में यकीन रखते हैं.' इसके साथ ही ईरान ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों के गुजरने के लिए एक नया प्रोटोकॉल तैयार करेगा.
 

1:02 PM (एक महीने पहले)

नेतन्याहू की भूमिका से अमेरिका भी युद्ध में शामिल

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बड़ा बयान दिया है. अल-जजीरा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इजरायल और खासकर नेतन्याहू ने अमेरिका को इस युद्ध में घसीटा है. अराघची के मुताबिक, अमेरिका अब एक कठिन स्थिति में फंस गया है और उसे अपनी गलती मानकर आक्रामकता खत्म करनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि जो पहले आत्मसमर्पण की मांग कर रहे थे, वे अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवाने के लिए दूसरों से मदद मांग रहे हैं.
 

12:06 PM (एक महीने पहले)

UAE पर मिसाइल हमले का खतरा, एक्टिव हुआ एयर डिफेंस सिस्टम

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक और बड़ी खबर आ रही है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल के खतरे का सक्रिय रूप से जवाब दे रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर किए गए एक पोस्ट के मुताबिक, यूएई की सीमा में मिसाइल घुसने की आशंका के बाद सुरक्षा प्रणालियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया है. हालांकि, अभी तक किसी मिसाइल को मार गिराने या किसी तरह के नुकसान की पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी है.
 

11:24 AM (एक महीने पहले)

मध्य पूर्व संकट: इजराइल ने पूर्वी लेबनान में हमला किया

Posted by :- Dheeraj

लेबनान में इजरायल के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली सेना ने अब पूर्वी लेबनान को अपना निशाना बनाया है. खबर है कि पूर्वी बेका घाटी के 'सहमार' कस्बे पर इजरायल ने जोरदार हवाई हमला किया है. लगातार हो रही इस बमबारी से पूरे बेका घाटी इलाके में दहशत का माहौल है. इज़रायल अब धीरे-धीरे लेबनान के उन हिस्सों को भी निशाना बना रहा है जो अब तक सीधे युद्ध की जद में नहीं थे.
 

Advertisement
11:06 AM (एक महीने पहले)

ईरान के हमलों को रोकने के लिए UAE ने तैनात किए लड़ाकू विमान

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर आ रही है. ईरान की ओर से होने वाले ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) अलर्ट मोड पर आ गया है. यूएई ने ईरानी हमलों को हवा में ही ढेर करने के लिए अपने लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया है. खबर है कि यूएई अब इमरजेंसी टेक-ऑफ यानी आपातकालीन उड़ान भरने वाले लड़ाकू विमानों का एक मजबूत घेरा तैयार कर रहा है, ताकि किसी भी हवाई हमले को देश की सीमा में घुसने से पहले ही रोका जा सके. 
 

10:30 AM (एक महीने पहले)

ईरान जंग के विरोध में ट्रंप प्रशासन के टॉप अधिकारी का इस्तीफा

Posted by :- Dheeraj

अमेरिका में मची सियासी हलचल के बीच नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के चीफ जो केंट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. रॉयटर्स के मुताबिक, केंट इस युद्ध के बीच में साथ छोड़ने वाले पहले बड़े अधिकारी हैं. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, 'ईरान से अमेरिका को कोई सीधा खतरा नहीं है, यह जंग सिर्फ इजरायल के दबाव में शुरू की गई है.' हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन दावों को पूरी तरह झूठा बताकर खारिज कर दिया है.
 

9:40 AM (एक महीने पहले)

बेरूत के बाचौरा में इजरायल का भीषण हमला, धुआं-धुआं हुआ पूरा इलाका

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट से आ रही खबरें डराने वाली हैं. आज इस भीषण जंग का 19वां दिन है, लेकिन शांति की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही. हालात सुधरने की जगह और बिगड़ते ही जा रहे हैं. ताजा अपडेट यह है कि इजरायल ने अब लेबनान की राजधानी बेरूत के रिहायशी इलाके बाचौरा को निशाना बनाया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक,धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई. खास बात यह है कि हमला करने से ठीक पहले इजरायली सेना ने एक बयान जारी किया था. इसमें उन्होंने बाचौरा की एक खास इमारत को तुरंत खाली करने की चेतावनी दी थी. इसके कुछ ही देर बाद वहां मिसाइल गिरी और पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई.
 

8:39 AM (एक महीने पहले)

यूएई ने कहा- ईरान की कई मिसाइलों को हमने मार गिराया

Posted by :- Dheeraj

दुबई में आज सुबह धमाकों की आवाजों से हड़कंप मच गया. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने साफ किया है कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की ओर से हो रहे मिसाइल हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. यूएई ने दावा किया है कि उसने ईरान की कई मिसाइलों को आसमान में ही सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है.
 

8:31 AM (एक महीने पहले)

Middle East War LIVE: UAE के कई इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमले

Posted by :- Sakib

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि UAE की हवाई सुरक्षा प्रणाली इस समय ईरान की ओर से आ रहे मिसाइल हमलों और ड्रोन का सामना कर रही है. रक्षा मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सुनाई देने वाली आवाज़ें दरअसल हवाई सुरक्षा प्रणालियों द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और लड़ाकू विमानों द्वारा ड्रोन तथा 'लोइटरिंग म्यूनिशंस' (घूमते हुए बम) को रोकने की कार्रवाई का परिणाम हैं.

मंत्रालय ने कहा कि UAE की हवाई सुरक्षा प्रणाली इस वक्त ईरान की तरफ से आ रहे मिसाइल और ड्रोन के खतरों का जवाब दे रही है. रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सुनाई देने वाली आवाज़ें हवाई सुरक्षा प्रणालियों द्वारा मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई के कारण उत्पन्न हुई हैं.
 

Advertisement
8:08 AM (एक महीने पहले)

इजरायल का दावा- ईरान की 12 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया

Posted by :- Dheeraj

इजराइल और ईरान के बीच तनाव चरम पर है. अल-जजीरा के मुताबिक, इजरायल ने ईरान की ओर से दागी गई 12 मिसाइलों को अपने डिफेंस सिस्टम से रोक दिया है. राहत की बात यह है कि इस हमले में अब तक किसी के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.

7:33 AM (एक महीने पहले)

रियाद में आज जुटेगी खाड़ी देशों की बड़ी बैठक, सुरक्षा पर होगी चर्चा

Posted by :- Dheeraj

सऊदी अरब आज शाम को रियाद में कई अरब और इस्लामी देशों के विदेश मंत्रियों की एक अहम बैठक करने जा रहा है.न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इस मीटिंग में इलाके की सुरक्षा और शांति को बनाए रखने के लिए खास चर्चा होगी. बता दें कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

7:05 AM (एक महीने पहले)

ऑस्ट्रेलिया का दावा- यूएई में हमारे एयरबेस पर ईरान ने दागीं मिसाइलें

Posted by :- Dheeraj

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा दावा किया है कि ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूद उसके हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला किया है. राहत की बात यह है कि इस हमले में किसी भी सैनिक या रक्षाकर्मी को कोई चोट नहीं आई है. 

6:43 AM (एक महीने पहले)

अमेरिका का युद्धपोत गेराल्ड आर. फोर्ड मरम्मत के लिए ग्रीस जाएगा

Posted by :- Anurag

ईरान के खिलाफ जंग में तैनात अमेरिका के सबसे आधुनिक और दुनिया के सबसे बड़े विमानवाहक युद्धपोत USS जेराल्ड आर. फोर्ड में आग लग गई है. इसे मरम्मत करने के लिए ग्रीस के क्रेते द्वीप पर स्थित सोउडा बे बंदरगाह ले जाया जाएगा. 

6:17 AM (एक महीने पहले)

Iran-US War: ईरान ने क्लस्टर वारहेड मिसाइलों से तेल अवीव को बनाया निशाना

Posted by :- Anurag

ईरानी सरकारी टीवी के मुताबिक ईरान ने अपने सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी की हत्या का बदला लेते हुए इजरायल की आर्थिक राजधानी तेल अवीव पर मिसाइलें दागी हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन मिसाइलों में क्लस्टर वारहेड लगे थे.
 

Advertisement
6:12 AM (एक महीने पहले)

Iran-US War: पाकिस्तान ने रद्द किया 23 मार्च का परेड - खाड़ी संकट को बताया वजह

Posted by :- Anurag

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने प्रधानमंत्री की सलाह पर 23 मार्च को होने वाले पाकिस्तान दिवस परेड और उससे जुड़े सभी कार्यक्रमों को रद्द करने की मंजूरी दे दी है. खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की वजह से पैदा हुए तेल संकट की वजह से यह फैसला लिया गया है.
 

6:05 AM (एक महीने पहले)

Iran-US War: इजरायल में मिसाइल अटैक, तीसरी मंजिल पर मिसाइल गिरी, 2 की मौके पर मौत

Posted by :- Anurag

इजरायल के रामात गान शहर में मिसाइल हमले में 2 लोगों की मौत हो गई है. तेल अवीव जिले के पुलिस कमांडर हाइम सर्गेरोफ ने बताया कि दोनों लोग एक इमारत की तीसरी मंजिल पर थे. हमले के वक्त वे सेफ रूम यानी सुरक्षित कमरे की तरफ भाग रहे थे. लेकिन महज कुछ ही मीटर की दूरी पर मिसाइल की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई.
 

5:44 AM (एक महीने पहले)

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का साफ इनकार: फ्रांस होर्मुज स्ट्रेट में नहीं उतरेगा

Posted by :- Anurag

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मिडिल ईस्ट संकट पर हुई कैबिनेट बैठक में साफ शब्दों में कह दिया कि हम इस जंग में किसी पक्ष में नहीं हैं, इसलिए फ्रांस होर्मुज स्ट्रेट को खोलने या वहां किसी भी सैन्य अभियान में हिस्सा नहीं लेगा.

इनपुट: रॉयटर्स
 

2:46 AM (एक महीने पहले)

Iran-US War: ईरान के टॉप सुरक्षा अधिकारी अली लारिजानी की मौत की पुष्टि

Posted by :- Anurag

ईरानी मीडिया ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लरिजानी मारे जा चुके हैं. इजरायल ने पहले ही दावा किया था कि लरिजानी मारे जा चुके हैं और अब ईरान की ओर से भी पुष्टि की जा चुकी है. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - ईरान के टॉप अधिकारी अली लारिजानी की मौत पर लगी मुहर, तेहरान ने माना एयरस्ट्राइक में हुआ नुकसान
 
इनपुट: रॉयटर्स
 

2:38 AM (एक महीने पहले)

US-Iran War: डोनाल्ड ट्रंप ने NATO सहयोगियों पर साधा निशाना

Posted by :- Anurag

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जंग को लेकर नाटो के सहयोगियों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सभी NATO देश इस कार्रवाई के समर्थन में थे. लेकिन, हमने उनकी इतनी मदद की, फिर भी वे हमारी मदद नहीं करना चाहते. यह सबसे हैरानी वाली बात है.
 

Advertisement
1:29 AM (एक महीने पहले)

Gulf Tensions: इराक और कुर्दिस्तान में समझौता, तेल निर्यात फिर शुरू होगा

Posted by :- Anurag

इराक की केंद्र सरकार और कुर्दिश अधिकारियों के बीच एक अहम समझौता हुआ है. इराक के तेल मंत्री ने बताया कि बुधवार से इराकी तेल का निर्यात तुर्की के सेयहान बंदरगाह से दोबारा शुरू हो जाएगा. 
 

1:19 AM (एक महीने पहले)

US-Iran War: अमेरिकी राजदूत बोले - इजरायली PM बिल्कुल ठीक हैं

Posted by :- Anurag

इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने आज इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह स्वस्थ और अच्छे मूड में थे.

 

12:51 AM (एक महीने पहले)

एअर इंडिया का बड़ा ऐलान: आज 50 उड़ानें मध्य-पूर्व के लिए

Posted by :- Anurag

भारत और जेद्दा (सऊदी अरब) के बीच कुल 14 उड़ानें चलेंगी. मस्कट के लिए 12 उड़ानें. एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट (ओमान) के लिए 12 उड़ानें चलाएगी जो इन शहरों से होंगी - दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, लखनऊ, मुंबई और तिरुवनंतपुरम. इन उड़ानों के अलावा UAE और सऊदी अरब के लिए 24 और उड़ानें भी चलाई जाएंगी. 
 

12:35 AM (एक महीने पहले)

US-Iran War: ईरान बोला- ‘जंग गलत है’… अराघची ने दुनिया को दी बड़े असर की चेतावनी

Posted by :- Anurag

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि दुनिया भर में अब यह आवाजें उठने लगी हैं कि ईरान पर जो जंग थोपी गई है, वह गलत है. यहां तक कि यूरोप और अमेरिका के कुछ अधिकारी भी यही मान रहे हैं.

 

12:18 AM (एक महीने पहले)

US-Iran War: बुशेहर न्यूक्लियर प्लांट के पास धमाका… ईरान बोला- कोई नुकसान नहीं हुआ

Posted by :- Anurag

ईरान के न्यूज एजेंसी तसनीम ने बताया है कि बुशेहर न्यूक्लियर प्लांट के पास धमाका हुआ है. हालांकि, प्लांट को किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है. 

Advertisement
Advertisement