scorecardresearch
 

जेल में बंद इमरान खान की तबियत बिगड़ी, जांच के लिए ले जाया गया अस्पताल

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आंखों की गंभीर बीमारी CRVO के इलाज और फॉलो-अप जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया.

Advertisement
X
इमरान खान जेल में सजा काट रहे हैं. (File Photo: ITG)
इमरान खान जेल में सजा काट रहे हैं. (File Photo: ITG)

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाया गया है. मौजूदा वक्त में वे अदियाला जेल में सजा काट रहे हैं. पाकिस्तानी अखबार Dawn की रिपोर्ट के मुताबिक, आज यानी 28 अप्रैल को आंखों की एक गंभीर बीमारी 'राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन' (CRVO) के लिए तय फॉलो-अप जांच करवाने 'पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज' (PIMS) ले जाया गया. वहां उन्हें जेल लौटने से पहले अपना चौथा 'एंटी-VEGF' इंजेक्शन लगाया गया. उनकी टीम ने इस बीमारी के कारण उनकी दाईं आंख की रोशनी में काफी कमी आने को लेकर चिंता जताई है.

डॉन ने अपनी रिपोर्ट में बताया, अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक, PTI के संस्थापक इमरान खान को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) में चौथा इंट्राविट्रियल एंटी-VEGF इंजेक्शन लगाया गया और मंगलवार सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया.

इमरान को आखिरी बार 23 मार्च को एंटी-VEGF इंट्राविट्रियल इंजेक्शन लगाया गया था. उनकी आंखों की बीमारी का पता जनवरी के आखिर में चला था. उनकी पहली मेडिकल प्रक्रिया 24 जनवरी को की गई थी और उन्हें 24 फरवरी को दूसरी डोज़ दी गई थी.

इमरान के हेल्थ में सुधार...

PIMS के प्रवक्ता के मुताबिक, 74 वर्षीय इमरान को 28 अप्रैल को आंखों के आगे के इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जिस दौरान उन्हें चौथा इंट्राविट्रियल इंजेक्शन लगाया गया. बयान में कहा गया कि आंखों के एक्सपर्ट्स ने उनकी जांच की और उन्हें स्वस्थ पाया गया. आगे कहा गया कि इमरान की ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी की गई, जिसमें सुधार दिखाई दिया.

Advertisement

प्रवक्ता ने आगे बताया, "पूरी जानकारी के साथ सहमति लेने के बाद और निगरानी में ऑपरेटिंग थिएटर में सभी मानक एहतियाती उपायों और प्रोटोकॉल को अपनाते हुए, सर्जनों की देखरेख में माइक्रोस्कोपी की मदद से उन्हें इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की चौथी डोज़ दी गई." उन्होंने आगे बताया कि यह प्रक्रिया एक डे-केयर सर्जरी के तौर पर की गई. अस्पताल में रहने के दौरान उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर बनी रही और उन्हें आगे की देखभाल के लिए निर्देशों, फॉलो-अप सलाह और ज़रूरी कागज़ात के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया.

PTI के चेयरमैन बैरिस्टर गोहर अली खान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इमरान को कल रात आंखों में इंजेक्शन लगवाने और मेडिकल चेक-अप के लिए PIMS ले जाया गया था. गोहर ने बताया, "इलाज चाहे जो भी हो, हमारी चिंता का जवाब अभी भी नहीं मिला है." उन्होंने PTI की उस मांग का ज़िक्र किया, जिसमें इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में निजी डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के लिए किसी अस्पताल में शिफ़्ट करने की बात कही गई थी.

उन्होंने कहा, "यह उनका मौलिक अधिकार है. PTI लंबे वक्त से इस अधिकार को लागू करने की मांग कर रही है.

PIMS के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा, ‘आमतौर पर, ऐसे मामलों में तीन इंजेक्शन दिए जाते हैं. इस बात की संभावना कम है कि चौथा इंजेक्शन दिया जाएगा.’

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement