पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की स्थिति अब पहले से बेहतर है. अडियाला जेल, रावलपिंडी में बंद इमरान खान को लेकर कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि उनकी एक आंख की 85 प्रतिशत तक रोशनी चली गई है. इसके बाद कोर्ट ने स्पेशलिस्ट से उनकी आंखों की जांच कराने के निर्देश दिए थे.
इमरान खान के वकील सलमान सफदर ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि उनकी दाहिनी आंख में सिर्फ 15 प्रतिशत रोशनी बची है. खान ने शिकायत की थी कि पिछले साल अक्टूबर तक उनकी आंखों की रोशनी ठीक थी, जिसके बाद उन्हें एक बीमारी हुई जिसका इलाज कराया गया था.
अदालत ने इमरान खान की आंखों की गहराई से जांच कराने के लिए कहा था. इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम ने रविवार को इमरान खान की आंखों की जांच की. इसके बाद उन्होंने जानकारी दी कि उनकी आंखों की रोशनी और आंखों की स्थिति में अब सुधार है.
क्या है इमरान खान की आंखों का हाल?
रिपोर्ट्स की मानें तो दो डॉक्टरों ने इमरान खान की आंखों की जांच की है. इनमें अल-शिफा ट्रस्ट आई हॉस्पिटल के डॉ. नदीम कुरैशी और पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (Pims), इस्लामाबाद के डॉ. मुहम्मद आरिफ खान शामिल हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि बिना चश्मे के खान की दाहिनी आंख की रोशनी 6/24 (आंशिक) और बाईं आंख की रोशनी 6/9 दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: इमरान खान की सेहत पर सियासत तेज... जेल से अस्पताल में होंगे शिफ्ट, PTI ने सरकार को चेताया
इमरान खान को आई ड्रॉप्स और टेस्ट की सलाह
करेक्टिव ग्लासेस के साथ इमरान खान की दाहिनी आंख में 6/9 (आंशिक) और बाईं आंख में 6/6 तक सुधार हुआ है. उनकी दाहिनी आंख की सूजन में भी कमी का दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सूजन की मोटाई 550 से घटकर 350 माइक्रोन हो गई है. मेडिकल बोर्ड ने पूर्व पीएम को दोनों आंखों के लिए आई ड्रॉप्स दिए हैं. इसके साथ ही उन्हें दोनों आंखों के दो टेस्ट कराने की सलाह भी दी है.
इमरान खान की आंखों के इलाज की जानकारी मिलते ही पीटीआई अध्यक्ष गोहर खान और सीनेट में विपक्ष के नेता अल्लामा नासिर अब्बास ने पिम्स का दौरा किया.
फैमिली डॉक्टर्स ने रिपोर्ट पर कही ये बात
रिपोर्ट में कहा गया है कि इमरान खान के फैमिली डॉक्टर आसिम यूसुफ और डॉ. खुर्रम मिर्जा को फोन पर उनका हेल्थ अपडेट दिया गया है. हालांकि, डॉ. यूसुफ ने कहा कि जब तक उन्हें सीधे जांच की अनुमति नहीं मिलती, वे रिपोर्ट की पुष्टि नहीं कर सकते.
यह भी पढ़ें: इमरान खान की एक आंख की रोशनी 85% खत्म... सुप्रीम कोर्ट में फूट-फूटकर रोईं पूर्व PM की बहन
डॉ. यूसुफ ने अपील की है कि उन्हें और डॉ. फैसल सुल्तान, या खान के परिवार की सलाह पर डॉक्टरों को इमरान खान से मिलने की इजाजत दी जाए. उन्होंने इमरान को इलाज के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल, इस्लामाबाद शिफ्ट करने की मांग भी की.