scorecardresearch
 

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की हार... अब आया चीन का बयान

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बाद चीन ने इसे अमेरिका का आंतरिक मामला बताया है और दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई है.

Advertisement
X
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस साल दो महत्वपूर्ण शिखर बैठकें हो चुकी हैं.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस साल दो महत्वपूर्ण शिखर बैठकें हो चुकी हैं.

अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त और कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करने के बाद चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है. चीन ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी चुनाव वहां का आंतरिक मामला है और बीजिंग अमेरिका के साथ सहयोग जारी रखने के लिए तैयार है. चीन ने स्पष्ट किया कि वह दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने और आपसी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने की दिशा में काम करता रहेगा.

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बुधवार को बीजिंग में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों पर रिएक्शन दिया. उनसे पूछा गया था कि अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की चुनावी सफलता को चीन किस नजरिए से देखता है. इस सवाल के जवाब में माओ निंग ने कहा, 'अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन उसका घरेलू मामला है.'

उन्होंने कहा कि चीन अमेरिका के साथ मिलकर दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को बनाए रखने और उसे लागू करने के लिए तैयार है.

अमेरिका के साथ रिश्ते मजबूत करना चाहता है चीन

माओ निंग ने कहा कि चीन अमेरिका के साथ संवाद बढ़ाने, मतभेदों को ठीक तरीके से सुलझाने और सहयोग का दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि चीन आपसी सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता के आधार पर रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध विकसित करना चाहता है. चीन के इस रिएक्शन से संकेत मिलता है कि बीजिंग अमेरिकी घरेलू राजनीति में होने वाले बदलावों के बावजूद वॉशिंगटन के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर बनाए रखना चाहता है.

Advertisement

यह भी पढ़िएः चुनाव हारे ट्रंप, तो अकड़ हुई ढीली, बोले- डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करेंगे

इस साल दो बार मिले शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस साल दो महत्वपूर्ण शिखर बैठकें हो चुकी हैं. मई में राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन की राजधानी बीजिंग का दौरा किया था. इसके बाद 23 से 25 सितंबर के बीच शी जिनपिंग अमेरिका पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रंप के साथ कई दौर की बातचीत की. चीन ने दोनों नेताओं की इन बैठकों को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया था. बीजिंग के मुताबिक, इन बैठकों का उद्देश्य दोनों देशों के संबंधों में रणनीतिक स्थिरता लाना और आपसी मतभेदों को कम करना था.

APEC सम्मेलन में ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात संभव

इस बीच चीन ने अमेरिका और रूस के साथ एक संभावित त्रिपक्षीय शिखर बैठक को लेकर बातचीत जारी होने की भी पुष्टि की है. विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बताया कि चीन इस संबंध में संबंधित पक्षों के संपर्क में है. यह संभावित बैठक 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान आयोजित की जा सकती है.

ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका, रूस और चीन के अधिकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच संभावित मुलाकात की तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं. हालांकि, चीन ने अभी तक इस बैठक की औपचारिक पुष्टि नहीं की है. बैठक के कार्यक्रम और एजेंडे को लेकर भी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है. 

Advertisement

अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच चीन की यह प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बीजिंग ने संकेत दिया है कि वह अमेरिका की घरेलू राजनीति में बदलाव के बावजूद दोनों देशों के बीच हाईलेवल कम्यूनिकेशन और सहयोग जारी रखना चाहता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement