अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में इन दिनों एक अजीब और रहस्यमयी घटना चर्चा में है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो में कुछ लोगों को शहर के मैनहोल खोलकर सीवर सिस्टम में उतरते और फिर घंटों बाद बाहर निकलते देखा गया. इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है.
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि देर रात कुछ लोग ब्रुकलिन और क्वींस के अलग-अलग इलाकों में मैनहोल के ढक्कन हटाकर सीवर नेटवर्क में प्रवेश करते हैं. कई मामलों में वे घंटों बाद उसी रास्ते से वापस बाहर आते दिखाई दिए. यह सब रात के अंधेरे में हो रहा था, जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं.
यह भी पढ़ें: अमेरिका के दोस्त के सीने पर ईरान ने घोंपा खंजर, VIDEO देख हिल जाएंगे ट्रंप
मामला सामने आने के बाद न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने जांच शुरू कर दी. पुलिस को आशंका थी कि कहीं सीवर सिस्टम का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि या सुरक्षा खतरे के लिए तो नहीं किया जा रहा. इसके बाद विशेष रूप से ट्रेंड इमरजेंसी सर्विस यूनिट के अधिकारियों को सीवर नेटवर्क में भेजा गया.
विस्फोटक, हथियार या अन्य संदिग्ध सामान नहीं मिले!
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक, हथियार या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जांच की गई थी और फिलहाल किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं मिले हैं.
शहर के पर्यावरण संरक्षण विभाग (DEP), जो सीवर सिस्टम का संचालन करता है, उसने भी निरीक्षण किया. विभाग ने बताया कि सीवर नेटवर्क या उसके उपकरणों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है.
खजाना खोजने के लिए तो सीवर में नहीं घुसे लोग?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को संदेह है कि ये लोग तथाकथित "ट्रेजर हंटर्स" यानी खजाने की तलाश करने वाले हो सकते हैं. माना जा रहा है कि वे पुराने सीवर नेटवर्क में छिपी ऐतिहासिक या मूल्यवान वस्तुओं की खोज के लिए नीचे उतर रहे थे.
यह भी पढ़ें: न जंग की जीत, न शांति की गारंटी... अमेरिका-ईरान में ऐसे होगी पीस डील
एक घटना में कम से कम सात लोगों को ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में मैकडोनाल्ड एवेन्यू और कॉलिन लेन के पास स्थित मैनहोल से नीचे उतरते देखा गया. ये लोग रात करीब दो बजे उसी मैनहोल से वापस बाहर आए.
सीवर में घुसना गैरकानूनी!
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सीवर सिस्टम में प्रवेश करना न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक भी है. पर्यावरण संरक्षण विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक सीवर में जहरीली गैसें, बाढ़ का खतरा, फिसलन भरी सतह और ऑक्सीजन की कमी जैसी कई जानलेवा परिस्थितियां हो सकती हैं.
फिलहाल पुलिस इन लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे आखिर सीवर के अंदर क्या कर रहे थे. हालांकि अभी तक जांच में किसी आपराधिक साजिश के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन रहस्य बरकरार है कि आखिर आधी रात को शहर के नीचे छिपी सुरंगों में इन लोगों की तलाश क्या थी.