राजस्थान के धौलपुर जिले में चोरों ने एक प्रसिद्ध मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. सैंपऊ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबू महाराज मंदिर से दो अज्ञात चोर करीब 80 बड़े पीतल के घंटे चोरी कर ले गए. पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.
जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 1:15 बजे की है. CCTV फुटेज में दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर परिसर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं. दोनों अपने साथ कटर लेकर आए थे और उन्होंने मंदिर में लगे घंटों की जंजीरों को काटना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: धौलपुर में जुड़वा बहनों की मौत से हड़कंप, पिता पर हत्या का आरोप, चंबल में जारी सर्च ऑपरेशन
चोरों ने सिर्फ बड़े और भारी पीतल के घंटों को निशाना बनाया. उन्होंने करीब 80 घंटे चोरी कर लिए, जबकि छोटे घंटे मंदिर में ही लटके छोड़ दिए. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
CCTV में कैद हुई पूरी चोरी
मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में दोनों आरोपी आराम से मंदिर में घूमते हुए और कटर से घंटों की जंजीर काटते हुए दिखाई दे रहे हैं.
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं.
श्रद्धालुओं ने इस घटना को धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए घंटों की बरामदगी की मांग की है.
देखें वीडियो...
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
मंदिर के पुजारी रूप सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को निशाना बनाया गया हो. इससे पहले भी मंदिर से घंटे चोरी हो चुके हैं.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर से उनकी बाइक भी चोरी हो चुकी है. इन दोनों मामलों में अब तक पुलिस कोई ठोस खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं.
पुजारी और स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है.
पुलिस फुटेज के आधार पर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा.