यूपी के वाराणसी में फ्री में पेट्रोल भरवाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों ने पिस्टल के दम पर पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए फरार हो गए. हालांकि उनकी यह दबंगई ज्यादा दिन नहीं चली और पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की.
घटना 16 और 17 मई की रात की है. वाराणसी के सिंधोरा थाना इलाके के गड़खड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर रात का माहौल बिल्कुल सामान्य था. कर्मचारी अपनी ड्यूटी कर रहे थे. तभी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर दो युवक एंट्री मारते हैं. स्टाइल ऐसा कि जैसे किसी वेब सीरीज का सीन शूट होने वाला हो.
यहां देखें Video
दोनों आराम से बाइक में पेट्रोल भरवाते हैं. पेट्रोल भर गया, कर्मचारी पैसे मांगता है. तभी कहानी में ट्विस्ट आता है. बाइक पर बैठे एक युवक ने दूसरे से पिस्टल ली और पेट्रोल पंप कर्मी को धमकाना शुरू कर दिया. मतलब साफ था- पेट्रोल का पैसा नहीं देंगे, जो करना है कर लो.

CCTV फुटेज में पूरा सीन कैद हो गया. कर्मचारी डर गया और दोनों युवक बिना पैसे दिए वहां से फरार हो गए. लेकिन उन्हें शायद ये नहीं पता था कि उनकी ये हरकत अब सीधे पुलिस फाइल में एंट्री लेने वाली है.
यह भी पढ़ें: 'गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं...' सीएम योगी के सख्त निर्देश, बोले- दबंगों के खिलाफ एक्शन ले पुलिस
पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सिंधोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली और फिर एक्शन शुरू हो गया. दोनों आरोपी इलाके के ही निकले.
पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और उसके साथी शनि सिंह को गिरफ्तार कर लिया. दोनों वाराणसी के सिंधोरा इलाके के रहने वाले हैं. गिरफ्तार आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय वाराणसी के गड़खड़ा गांव का रहने वाला है और वह स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से वही बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और एक अवैध पिस्टल बरामद कर ली.
पूछताछ में दोनों ने पूरा किस्सा भी आराम से सुना दिया. बोले- रात में पेट्रोल पंप गए थे, पेट्रोल भरवाया... पैसे नहीं थे... तो पिस्टल दिखाकर निकल गए. फिलहाल पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया है. सोशल मीडिया पर CCTV फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है और लोग कह रहे हैं- भाई, पेट्रोल महंगा जरूर है... लेकिन इतना भी नहीं कि बंदूक लेकर भरवाना पड़े!