scorecardresearch
 

'मैं भागी नहीं, सदमे में थी...' लखनऊ शिवा शर्मा हत्याकांड में जिस श्रद्धा दुबे को नेपाल तक खोज रही पुलिस, वो मीडिया को इंटरव्यू दे रही

Lucknow Shiva Sharma Case: लखनऊ शिवा शर्मा केस में आरोपी श्रद्धा दुबे पहली बार मीडिया के सामने आईं. उन्होंने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि शिवा ने बिल्डिंग से छलांग लगाई थी. श्रद्धा ने CCTV फुटेज सामने लाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Advertisement
X
श्रद्धा दुबे ने कैमरे के सामने किए कई बड़े दावे.(Photo:ITG)
श्रद्धा दुबे ने कैमरे के सामने किए कई बड़े दावे.(Photo:ITG)

Shiva Sharma Case: लखनऊ के चर्चित बिजनेसमैन शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे पहली बार मीडिया के सामने आई है. श्रद्धा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए दावा किया कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी. श्रद्धा ने बिल्डिंग के CCTV फुटेज सामने लाने की मांग करते हुए कहा कि इससे घटना की सच्चाई सामने आ सकती है. 

आरोपी श्रद्धा दुबे ने पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच की मांग भी की है. उसने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति को हत्या का आरोपी बताकर पूरे देश के सामने अपराधी की तरह पेश करना उचित नहीं है.

'हत्या नहीं, आत्महत्या थी'

श्रद्धा दुबे ने दावा किया कि शिवा शर्मा ने उनकी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी. श्रद्धा का कहना है कि बिल्डिंग में CCTV कैमरे लगे हैं और उनकी रिकॉर्डिंग से घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है.

आरोपी महिला ने सवाल उठाया कि मामले में दूसरी जगहों के CCTV फुटेज की जांच की गई है तो उनकी बिल्डिंग में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सामने क्यों नहीं लाई जा रही है? उसका दावा है कि फुटेज से उनकी बेगुनाही साबित हो सकती है.

शिवा को चार महीने से जानने का दावा

Advertisement

श्रद्धा दुबे के मुताबिक, वह शिवा शर्मा को करीब चार महीने से जानती थी और दोनों के बीच करीब ढाई महीने तक दोस्ती रही. उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब दो महीने से शिवा उनके घर भी आने लगा था.

शिवा शर्मा के परिवार की तरफ से लगाए गए आरोपों को श्रद्धा ने गलत बताया है. साथ ही सोशल मीडिया पर अलग-अलग लोगों के साथ उनकी तस्वीरों को लेकर किए जा रहे दावों पर भी आपत्ति जताई. श्रद्धा ने कहा, "फोटो तो कोई किसी के साथ भी खिंचा सकता है. मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है."  देखें VIDEO:- 

शिवा पर कर्ज होने का भी किया दावा

श्रद्धा ने अपने बयान में शिवा शर्मा की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कई दावे किए. उनका कहना है कि शिवा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था और कर्ज देने वालों के फोन आने के कारण वह परेशान रहता था. यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले शिवा उसके घर से 5-6 लाख रुपये के गहने ले गया था. उसके मुताबिक, शिवा ने एक वीडियो में गहने वापस करने की बात भी कही थी. 

घटना के बाद क्यों चली गई थी श्रद्धा?

घटना के बाद वहां से चले जाने को लेकर भी श्रद्धा ने सफाई दी. कहा, "मैं वहां से गई इसलिए थी क्योंकि मुझे सांस लेने में प्रॉब्लम है. मैं इतना ज्यादा सदमे में थी कि वहां से मुझे निकलना पड़ा. वरना मैं वहां से जाती नहीं, मैं डटकर सामना करना चाहती थी." उसने दावा किया कि उनके ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई और उस पर हत्या का आरोप लगाया जाने लगा. इससे वह घबरा गई थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ऊंची पहुंच दिखाकर ब्लैकमेल कर रही थी श्रद्धा दुबे... मर्डर से पहले शिवा ने दोस्तों से शेयर की थी दहशत 

श्रद्धा दुबे ने अपनी बहन रश्मि दुबे का नाम मामले में आने पर भी प्रतिक्रिया दी. उसने दावा किया कि उनकी बहन को घटना के बारे में जानकारी नहीं थी और बेवजह उसका नाम मामले से जोड़ा जा रहा है. इसके अलावा श्रद्धा ने कथित डायरी और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों को भी खारिज किया.

पुलिस ने बढ़ाया था इनाम

इससे पहले श्रद्धा दुबे समेत मामले में फरार आरोपियों की तलाश में लखनऊ पुलिस की टीमें लगी हुई थीं. पुलिस ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे, आदिल उर्फ तनवीर और दानिश पर घोषित इनाम 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया था.

DCP सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस की मदद ली जा रही थी. आरोपियों के करीबियों से भी पूछताछ की गई. श्रद्धा दुबे की ओर से कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन दाखिल किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी.

नेपाल तक पहुंची थी तलाश

इससे पहले पुलिस जांच के दौरान श्रद्धा दुबे के नेपाल में होने की बात भी सामने आई थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनकी तलाश में नेपाल के अधिकारियों से संपर्क किया गया था और नेपाल के एयरपोर्ट्स को भी अलर्ट किए जाने की जानकारी सामने आई थी.

Advertisement

बहराइच के रुपईडीहा इलाके की पार्किंग में श्रद्धा की कार मिलने और नेपाल सीमा के अंदर के कथित CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने उनके नेपाल में होने की आशंका जताई थी. अब श्रद्धा पहली बार मीडिया के सामने आई है और अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच की मांग

श्रद्धा ने कहा, "मैं न्यायपालिका से यही प्रार्थना करूंगी कि जो भी है, उसकी निष्पक्ष जांच हो. पुलिस से भी यही कहूंगी कि निष्पक्ष जांच करे. ऐसे किसी पर हत्या का आरोप लगाकर पूरे देश में उसे क्रिमिनल बना देना कहीं का इंसाफ नहीं है."

फिलहाल श्रद्धा के बयान में किए गए दावों की जांच और पुलिस की आधिकारिक पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिवा शर्मा की मौत के पीछे वास्तविक घटनाक्रम क्या था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement