scorecardresearch
 

देर रात वो खौफनाक हादसा... उन्नाव में बुलेट समेत 20 फुट गहरे नाले में गिरे दो दोस्त, तड़पकर तोड़ा दम, नहीं पड़ी किसी की नजर

यूपी के उन्नाव में दोस्त की बारात से बुलेट से लौट रहे अखिलेश (19) और शुभम (20) की सड़क हादसे में मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट पुलिया तोड़कर 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी. रातभर नाले में तड़पने के बाद सुबह दोनों के शव बरामद हुए.

Advertisement
X
उन्नाव बाइक हादसे में दो दोस्तों की मौत (Photo- ITG)
उन्नाव बाइक हादसे में दो दोस्तों की मौत (Photo- ITG)

यूपी के उन्नाव में दोस्त की बारात से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा रात करीब 12 बजे हुआ. दोनों दोस्त बुलेट से अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़ते हुए 20 फुट गहरे नाले में जा गिरी. 

हादसे के बाद दोनों काफी देर तक लहूलुहान पुल के नीचे नाले मे तडपते रहे. राहगीरों ने घटना की खबर पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनो को घटना की सूचना दी.

आपको बता दें कि ये घटना हरदोई-उन्नाव मार्ग पर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई. बांगरमऊ थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर गांव का निवासी 19 वर्षीय अखिलेश कुमार अपने दोस्त नौबतगंज निवासी 20 वर्षीय शुभम के साथ बुलेट से परियर थाना क्षेत्र में गांव के रहने वाले अपने मित्र रामशंकर निषाद की बारात में शामिल होने गया था. रात करीब 11 बजे तक दोनों बारात में रुके और जमकर डांस किया. फिर रात 12 बजे दोनों दोस्त बुलेट से वापस घर की ओर लौट रहे थे. 

Advertisement

इसी दौरान हरदोई-उन्नाव मार्ग पर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में गहौली मोड़ के पास डबौली पुलिया पर तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क किनारे बनी पुलिया को तोड़ते हुए करीब 20 फुट गहरे नाले में जा गिरे. टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. दोनों काफी देर तक लहूलुहान हालत में नाले मे पड़े तड़पते रहे, पर रात होने के कारण किसी को पता नहीं चल सका. सुबह करीब 5 बजे जब राहगीरों ने पुलिया टूटी देखी तो नीचे झांककर देखा. दोनों युवक और बुलेट के साथ नीचे नाले में पड़े दिखे. राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. 

पुलिस ने युवकों की शिनाख्त कर घटना की जानकारी परिजनों को दी. मृतक अखिलेश घर का इकलौता बेटा था और वह डी-फार्मा फाइनल ईयर का छात्र था. मृतक के दोस्त शुभम कटियार ने बताया कि रात 12 बजे हादसा हुआ था. एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी. पर कोई फोन नहीं उठा सका. सुबह 5 बजे पुलिस की कॉल आई तब हमें जानकारी हुई. अखिलेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी तीन बहनें हैं. वह डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था और अंतिम वर्ष का छात्र था. पढ़ाई पूरी कर अपने भविष्य को संवारने की तैयारी में जुटा था, लेकिन हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं. फ़िलहाल, घटना के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement