उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने अमेजन जैसी बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी को निशाना बनाकर हाई-वैल्यू प्रोडक्ट्स की सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की. भोगनीपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके कब्जे से आठ लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक KIA कार,एक बाइक,तीन एंड्रॉयड मोबाइल और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं.
अमेजन के डिलीवरी सिस्टम का दुरुपयोग
मामला रूरा निवासी महेंद्र कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी रोहित ठाकुर उर्फ रोहित डिफाल्टर और उसका साथी मंजीत गुप्ता उर्फ मंजीत जीनियस पिछले डेढ़ महीने से अमेजन के डिलीवरी सिस्टम का दुरुपयोग कर कंपनी को लाखों रुपये का चूना लगा रहे थे.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रोहित ठाकुर ने फर्जी पहचान के सहारे पुखरायां स्थित अमेजन डिलीवरी सेंटर में डिलीवरी बॉय की नौकरी हासिल की. जब उसे कालपी क्षेत्र का डिलीवरी रूट मिला, तब उसके साथी मंजीत ने उसी रूट के अलग-अलग फर्जी नाम और पतों से एप्पल वॉच, एप्पल एयरपॉड्स और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान कैश ऑन डिलीवरी और प्रीपेड मोड पर ऑर्डर किए.
हीट गन से गायब करते थे पैक्ड ऑर्डर
जैसे ही पार्सल डिलीवरी सेंटर पहुंचते, रोहित उनकी जानकारी मंजीत को देता. इसके बाद मंजीत ऑर्डर कैंसिल कर देता, जिससे प्रीपेड रकम कंपनी वापस कर देती. इसी बीच दोनों आरोपी हीट गन की मदद से पार्सल की पैकिंग बिना नुकसान पहुंचाए खोलते, असली सामान निकाल लेते और उसकी जगह डमी प्रोडक्ट रखकर पार्सल दोबारा सील कर अमेजन कार्यालय में वापस जमा कर देते. पहली नजर में पैकेट बिल्कुल सामान्य दिखाई देता, जिससे किसी को शक नहीं होता.
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया एक जून से 11 जून के बीच आरोपियों ने करीब दस लाख रुपये मूल्य के महंगे उत्पादों की धोखाधड़ी की. आरोपियों ने असली सामान को कानपुर और दिल्ली के व्यापारियों को बाजार भाव से कम कीमत पर बेच दिया. पुलिस ने आठ लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं, जबकि करीब दो लाख रुपये आरोपियों के खातों में होने की जानकारी मिली है, जिन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है.पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया ये दोनों आरोपी पहले भी इस तरह की ठगी के कारण जेल जा चुके हैं.
पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
भोगनीपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 317(2) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क जुड़ा है या नहीं. कानपुर देहात पुलिस की इस कार्रवाई को ई-कॉमर्स फ्रॉड के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.