scorecardresearch
 

SpiceJet की महिला क्रू मेंबर ने क्यों खत्म कर ली जिंदगी? कुछ घंटे पहले ही डाला था स्टेटस

गोरखपुर में स्पाइसजेट एयरवेज की एक महिला कर्मचारी ने संदिग्ध हालात में जहर खाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले उसने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाकर अपनी मंशा जाहिर की थी. स्टेटस देखने के बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी. दरवाजा तोड़ने पर युवती बेहोश मिली, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी.

Advertisement
X
शिवांगी वर्मा स्पाइसजेट में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव थी. Photo ITG
शिवांगी वर्मा स्पाइसजेट में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव थी. Photo ITG

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ स्पाइसजेट एयरवेज (SpiceJet) में तैनात एक महिला कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर आत्महत्या कर ली. रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले युवती ने अपने व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर मौत को गले लगाने की जानकारी साझा की थी. सोमवार सुबह जब मकान मालिक ने स्टेटस देखा और कमरे पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए.

WhatsApp स्टेटस देख मकान मालिक के उड़े होश
मिली जानकारी के मुताबिक, बलिया जनपद के मलिकपुर गांव की रहने वाली शिवांगी वर्मा (25) पिछले एक साल से गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर सैनिक कुंज मोहल्ले में किराए पर रह रही थी. वह गोरखपुर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरवेज में बतौर सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव तैनात थी. सोमवार की सुबह जब उसके मकान मालिक ने शिवांगी का व्हाट्सएप स्टेटस देखा तो  आनन-फानन में उसके कमरे की ओर भागे.

बेसुध पड़ी थी शिवांगी
मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. अनहोनी की आशंका में तुरंत एम्स थाना पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो शिवांगी बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी. उसे तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि शिवांगी ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है.

Advertisement

मोबाइल खोलेगा मौत के राज
घटना की जानकारी मिलते ही शिवांगी के परिजन बलिया से गोरखपुर पहुंच गए. शिवांगी की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया. पुलिस ने शिवांगी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसकी कॉल डिटेल्स व चैट खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिर किस मानसिक तनाव या दबाव के चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया. फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं.

पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बलिया रवाना हुए परिजन
देर शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. परिजन शव लेकर अपने पैतृक गांव बलिया के लिए रवाना हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और जहर के प्रकार की पुष्टि हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement