scorecardresearch
 

यूपी: 'साहब, बहुत तेज पेट दर्द हो रहा है', बहाने से खुलवाया हवालात का गेट, फिर संतरी को धक्का देकर भाग निकले दो इनामी गैंगस्टर

सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाने में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो इनामी बदमाश पुलिस संतरी को चकमा देकर फरार हो गए. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी ने बदमाशों की इस 'आजादी' को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया और महज दो घंटे में उन्हें फिर से सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

Advertisement
X
सिद्धार्थनगर पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी (Photo- Screengrab)
सिद्धार्थनगर पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाने से आज सुबह 6 बजे गैंगस्टर एक्ट के दो इनामी अभियुक्त अतुल उर्फ इंद्र कपूर और मोहम्मद रकीब पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. 25-25 हजार रुपये के इन इनामी बदमाशों ने पेट दर्द का बहाना बनाकर हवालात का दरवाजा खुलवाया और पहरा संतरी से भिड़कर भाग निकले. पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देश पर एसओजी और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की. पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर दोनों को चौधरी लान के पीछे एक खेत से गिरफ्तार कर लिया और कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया.

पेट दर्द का नाटक और फिल्मी फरारी

हवालात में बंद शातिर अपराधी अतुल ने सुबह अचानक पेट में तेज दर्द होने का नाटक किया. उसकी कराह सुनकर ड्यूटी पर तैनात संतरी ने मानवीयता के नाते हवालात का दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही दोनों बदमाश संतरी पर टूट पड़े. संतरी ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की, जिसमें उसके कपड़े फट गए और चोटें भी आईं, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे. इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई.

घेराबंदी कर खेत से दबोचे गए बदमाश

फरारी की खबर मिलते ही एसपी ने एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर मिथिलेश और एसएचओ नवीन की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया. पुलिस ने इलाके की सघन घेराबंदी की और मात्र 120 मिनट के भीतर दोनों को कस्बे के चौधरी लान के पीछे स्थित एक खेत से ढूंढ निकाला. 

Advertisement

पकड़े गए अतुल पर चोरी और लूट जैसे 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रकीब पर 6 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने इन्हें 7 मार्च की शाम को ही गिरफ्तार किया था. फिलहाल, इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली. 

संतरी की तहरीर पर नया मुकदमा दर्ज

एसपी अभिषेक महाजन ने बताया कि पुलिस कस्टडी से भागने और ड्यूटी पर तैनात संतरी पर हमला करने के आरोप में दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(2), 262 और 132 के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है. बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को घोषित इनाम की राशि दी जाएगी. सिद्धार्थनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement