सावन के पहले सोमवार पर उत्तर प्रदेश के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचे. हर-हर महादेव के जयघोष और शिवभक्ति के माहौल ने सनातन परंपरा की आस्था को जीवंत कर दिया. वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम में सुबह से अब तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया. वहीं बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी अब तक पांच लाख शिवभक्तों ने जल चढ़ाया.
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ मंदिर और लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. इन दोनों मंदिरों में अब तक तीन लाख से अधिक भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
शिवालयों में सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के पहले सोमवार पर कांवड़ियों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है. कंधों पर सजी कांवड़ और भोलेनाथ के जयघोष के साथ श्रद्धालु मंदिरों तक पहुंचे और पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की.
काशी विश्वनाथ में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ से सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है. सभी जिलों में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.