Uttar Pradesh News: मथुरा के थाना क्षेत्र भंकरपुर बसेला गांव में बहू ने अपने प्रेमी आदिल के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या कर दी. यह घटना 3 मार्च की रात करीब एक बजे हुई जब सास ने बहू को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. खुद को बचाने के लिए दोनों ने तकिए से मुंह दबाकर सास को मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद बहू ने पति को फोन कर इसे साइलेंट हार्ट अटैक बताया और परिवार ने शव दफना दिया. मृतका के पति के शक पर पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश से शव निकलवाया, जहां पोस्टमार्टम में गर्दन की हड्डी टूटने और दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई. अब आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
प्रेमी संग पकड़े जाने पर रची गई खूनी साजिश
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बहू का पड़ोस के ही आदिल नामक युवक के साथ अवैध संबंध था. 3 मार्च की रात जब आदिल उससे मिलने घर पहुंचा, तो सास की आंख खुल गई. दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखते ही सास ने विरोध किया.पकड़े जाने के डर से प्रेमी और बहू ने मिलकर सास का गला और मुंह तकिए से तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं.
हार्ट अटैक का ड्रामा और कब्र से निकला सच
हत्या को छिपाने के लिए बहू ने शातिर दिमाग लगाया और रात तीन बजे पति को फोन कर बताया कि अम्मी को साइलेंट हार्ट अटैक आया है. बिना किसी शक के परिवार ने शव को दफना भी दिया था. हालांकि, बाद में मृतका के पति को कुछ शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. एसएसपी मथुरा के मुताबिक, डीएम के आदेश पर कब्र खोदकर शव निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया, जिससे इस सनसनीखेज हत्या का राज खुल गया.
खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी
एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बहू की थ्योरी को पूरी तरह फेल कर दिया. रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला की मौत गर्दन की हड्डी टूटने और दम घुटने से हुई है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया और बहू के साथ उसके प्रेमी आदिल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.