यूपी के रामपुर में एक सरफिरा आशिक गर्लफ्रेंड से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. लोगों को पता चला तो इलाके में हड़कंप मच गया. टावर पर युवक को देख लोग जमा हो गए. एक युवक ने सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने की कोशिश की. काफी देर बाद युवक नीचे उतरा और प्रेमिका से शादी की बात कहते हुए फूट-फूटकर रोने लगा.
मामला पटवाई थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव का है. यहां के रहने वाले युवक ने जो किया, उसने पूरे इलाके को हिला दिया. भाई साहब सीधे मिलक रोड के पास धर्मकांटे के बगल में खड़े ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए. और वजह- सीधी सी, अपनी प्रेमिका से शादी करवाने की मांग.
यहां देखें Video
अब हुआ ये कि जैसे ही लोगों ने ऊपर एक इंसान को टावर पर बैठे देखा, नीचे हड़कंप मच गया. भीड़ इकट्ठा हो गई, किसी ने पुलिस को फोन घुमा दिया और देखते ही देखते पूरा मामला वायरल टाइप हो गया.
पुलिस पहुंची, समझाने लगी कि भाई नीचे आ जाओ, लेकिन युवक का राग एक ही था- शादी उसी से होगी, तभी उतरूंगा. इसी बीच मौके पर सीओ शाहबाद भी पहुंच गए. समझाना शुरू किया, बातचीत चली, और नीचे खड़े लोग तमाशबीन बने रहे.

अब बैकस्टोरी भी जान लीजिए. युवक दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करता है, वहीं उसकी मुलाकात बिहार की एक किशोरी से हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. फिर युवक उसे अपने गांव ले आया. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और किशोरी को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया. यहां से लड़की अलग हुई, लड़का परेशान हुआ और फिर वह टावर पर चढ़ गया. डिमांड करने लगा कि शादी कराओ.
यह भी पढ़ें: शादीशुदा प्रेमी के साथ रहने की जिद...5 साल के बच्चे को लेकर टावर पर चढ़ी महिला, घंटो चला ड्रामा
नीचे पुलिस, ऊपर आशिक और बीच में पूरा गांव- माहौल पूरी तरह हाई वोल्टेज था. लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में लगे थे, कोई कह रहा था- ये तो शोले पार्ट-2 चल रहा है. काफी देर की बातचीत, समझाने का दौर और परिवार की अपील के बाद आखिरकार युवक मान गया. पुलिस ने आश्वासन दिया कि बात आगे बढ़ाई जाएगी, तब जाकर वह नीचे उतर आया.

नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली और युवक को सुरक्षित अपने साथ ले गई. किसी तरह का बड़ा बवाल नहीं हुआ, लेकिन गांव में इस फिल्मी ड्रामे की चर्चा दिनभर चलती रही. अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पटवाई थाना क्षेत्र में एक युवक टावर पर चढ़ गया था. वह एक लड़की से प्रेम करता था. वह जिद कर रहा था किमेरी शादी उसी से कराओ, इसी बात का प्रेशर बनाने के लिए वह टावर पर चढ़ गया था. स्थानीय पुलिस ने समझा-बुझाकर उतार लिया है. युवक पटवाई क्षेत्र का रहने वाला है.