प्रयागराज में मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया. कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर चंद्रशेखर आजाद पार्क आई थीं, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया. इस घटना में करीब तीन दर्जन छात्राएं घायल हो गईं.
जानकारी के अनुसार विद्यालय की छात्राएं शिक्षकों के साथ पार्क में घूमने आई थीं. बच्चे वहां खेल गतिविधियों में शामिल थे. इसी दौरान किसी ने पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर फेंक दिया. इसके बाद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और छात्राओं पर हमला कर दिया.
मधुमक्खियों के छत्ते पर फेंका पत्थर
हमले के बाद पार्क में अफरा तफरी मच गई. छात्राएं दर्द से चीखने लगीं. शिक्षकों और मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और घायल छात्राओं को तुरंत स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी छात्राओं का उपचार किया. प्राथमिक इलाज के बाद सभी को सुरक्षित घर भेज दिया गया. फिलहाल सभी छात्राएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं.
करीब तीन दर्जन छात्राएं हमले में घायल
इससे पहले कानपुर के उन्नाव में एक क्रिकेट अंपायर पर भी मधुमक्खियों के हमले की घटना सामने आई थी. प्रयागराज की इस घटना के बाद स्कूलों के शैक्षिक भ्रमण को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है.