उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. मड़िहान थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति पर दूसरी शादी करने के शक में अपने बच्चों के साथ जहर खा लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. इलाज के दौरान महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची का इलाज जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव की है. 13 जुलाई की रात पीएचसी मड़िहान से पुलिस को सूचना मिली कि 38 वर्षीय कुसुम और उसके बच्चे जहर खाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे हैं. इसके बाद पुलिस ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा.
इलाज के दौरान मां और दो बच्चों की मौत
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुसुम और उसकी 10 वर्षीय बेटी राधिका की मौत हो गई. वहीं इकलौते बेटे सत्या की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई. दूसरी बेटी 12 वर्षीय मधु का इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि महिला का पति दिल्ली में काम करता है.
वहीं, पुलिस के अनुसार, कुसुम का पति धर्मेंद्र दिल्ली में काम करता है. महिला को शक था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है. इसी विवाद को लेकर घटना से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था. पुलिस के मुताबिक, समझौते के बाद तय कार्यक्रम के अनुसार धर्मेंद्र अपनी पत्नी को घर ले जाने नहीं पहुंचा. प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि इसी बात से आहत होकर महिला ने अपने बच्चों के साथ जहर खा लिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही बात सामने आई है कि महिला को पति की दूसरी शादी का शक था. समझौते के बावजूद पति के नहीं पहुंचने से वह आहत हो गई और उसने यह कदम उठा लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)