scorecardresearch
 

'मुस्कान-साहिल को फांसी देने के लिए...', निर्भया के दोषियों को लटकाने वाले पवन जल्लाद का बयान

मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद निर्भया कांड के दोषियों को फांसी देने वाले पवन जल्लाद ने फैसले को सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें दोनों को फांसी देने के लिए बुलाया जाता है तो वह तैयार हैं.

Advertisement
X
मेरठ की कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को मौत की सजा सुनाई है (Photo- ITG)
मेरठ की कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को मौत की सजा सुनाई है (Photo- ITG)

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद निर्भया कांड के दोषियों को फांसी देने वाले पवन जल्लाद ने फैसले पर प्रतिक्रिया दी है. पवन जल्लाद ने कहा कि दोनों ने जिस तरह सौरभ की हत्या कर उनके शव के टुकड़े किए और उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपाया, वह बेहद घिनौना अपराध था. अदालत ने मृत्युदंड देकर सही न्याय किया है. 

पवन जल्लाद ने कहा कि फांसी देने के लिए अदालत की ओर से डेथ वारंट जारी किया जाता है. आधिकारिक आदेश मिलने के बाद ही वह फांसी देने के लिए जाएंगे. उन्होंने कहा, 'मुझे जब भी बुलाया जाएगा, मैं फांसी देने के लिए तैयार हूं. चाहे यह आदेश कभी भी आए, मैं अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जाऊंगा.'

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है. दोषी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति के समक्ष दया याचिका भी दाखिल की जा सकती है. इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही फांसी को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.

फांसी से पहले तीन दिन तक होती है तैयारी

पवन जल्लाद के मुताबिक, फांसी देना एक तय प्रक्रिया है और इसके लिए पहले से तैयारियां करनी पड़ती हैं. फांसी में इस्तेमाल होने वाली रस्सी की जांच की जाती है. इसके अलावा फांसी के तख्ते और दूसरी व्यवस्थाओं को भी परखा जाता है. उन्होंने बताया कि तेल और ग्रीस समेत जरूरी चीजों की जांच की जाती है, ताकि फांसी के दौरान किसी तरह की तकनीकी परेशानी न आए.

Advertisement

पवन जल्लाद ने कहा कि पूरी व्यवस्था को ठीक से परखने के लिए करीब तीन दिन तक ट्रायल और तैयारियां की जाती हैं. उनका कहना है कि फांसी की प्रक्रिया में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए हर जरूरी पहलू की जांच की जाती है.

'अपराध करने वाले को मिलनी चाहिए सजा'

मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड दिए जाने के फैसले पर पवन जल्लाद ने कहा कि अपराध करने वाले व्यक्ति को उसके किए की सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह महिला हो या पुरुष. उनके मुताबिक, अगर कोई महिला किसी गंभीर अपराध में शामिल है तो उसे भी कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड सुनाए जाने के फैसले को उचित बताते हुए कहा कि अदालत ने इस मामले में न्याय किया है.

क्या है सौरभ राजपूत हत्याकांड?

बता दें कि मेरठ का सौरभ राजपूत हत्याकांड देशभर में चर्चा में रहा था. आरोपों के मुताबिक, मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला ने सौरभ की हत्या करने के बाद उनके शव के टुकड़े किए और उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया था. इस मामले को लेकर पुलिस जांच और अदालती कार्रवाई के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं. 14 अक्टूबर को मेरठ की जिला एवं सत्र अदालत ने मुस्कान और साहिल को हत्या और सबूत मिटाने के मामले में दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement