scorecardresearch
 

आगरा: होटल में शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी का गला रेता, फिर चिल्लाई- मैंने उसे मार डाला; बैग में छिपाकर लाई थी हथौड़ा-चाकू

आगरा के होटल ताजपथ में एक शादीशुदा प्रेमिका ने अपने प्रेमी की हथौड़े और धारदार हथियार से हत्या कर दी. विवाद के बाद महिला ने प्रेमी का गला रेत दिया और खुद ही चिल्लाने लगी. पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए हैं.

Advertisement
X
आगरा के होटल ताजपथ में हुई हत्या (Photo- Screengrab)
आगरा के होटल ताजपथ में हुई हत्या (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को दहला कर रख दिया. इटौरा इलाके में एक प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हुआ- जहां प्यार, धोखे और गुस्से ने मिलकर एक हत्या की साजिश को जन्म दे दिया.

बताया जा रहा है कि फतेहपुर सीकरी निवासी युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका के साथ इटौरा चौराहे स्थित होटल ताजपथ में पहुंचा. दोनों तीसरी मंजिल के कमरा नंबर-204 में गए. जहां शुरुआत हुई शराब के दौर से… लेकिन कुछ ही देर में माहौल बदल गया.

किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमिका ने आपा खो दिया. पहले उसने हथौड़े से प्रेमी के सिर पर वार किया. युवक बेहोश होकर गिर पड़ा, लेकिन गुस्सा यहीं नहीं रुका.

प्रेमिका ने धारदार हथियार निकाला और युवक का गला रेत दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद जो हुआ, वो और भी चौंकाने वाला था. कमरे से चीखने की आवाजें आने लगीं- 'मैंने उसे मार डाला… मैंने उसे मार डाला…' होटल कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे, तो मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. दल बल के साथ पुलिस पहुंची तो देखा कि प्रेमिका शव के पास ही बैठी थी. जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

Advertisement

जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है. दोनों के बीच दूर के रिश्ते- मामा और भांजी का भी कनेक्शन बताया जा रहा है. सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि महिला पूरी तैयारी के साथ होटल पहुंची थी. उसके बैग में हथौड़ा और धारदार हथियार पहले से मौजूद थे.

 इस मामले में डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है. महिला ने हथौड़े से सिर पर वार किया उसके बाद धारदार हथियार से हत्या की. फिलहाल, आरोपी हिरासत में है और पूछताछ जारी है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement