scorecardresearch
 

बड़े भाई ने मंगाया नया जूता, पहले पहनने की जिद पर अड़ा छोटा भाई तो कर दी हत्या

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में जूते को लेकर हुए मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया. इस विवाद के चलते बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Advertisement
X
जूते के लिए बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या. (Photo: Representational )
जूते के लिए बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या. (Photo: Representational )

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बेहद मार्मिक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिसने रिश्तों की संवेदनशीलता और गुस्से के खतरनाक अंजाम पर भी सवाल खड़े कर दिया है. यहां के घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव के नौका टोला में सोमवार को एक मामूली विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि सगे भाइयों का रिश्ता हमेशा के लिए टूट गया.

दरअसल बड़े भाई सूरज शर्मा ने ऑनलाइन एक नया जूता मंगवाया था. तभी छोटा भाई लक्ष्मण उसे पहले पहनने की जिद करने लगा. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली बहस झगड़े में बदल गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई.

घटना से परिवार के लोग हैं सदमे में
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुस्से में अपना आपा खो बैठे सूरज ने पास में रखी कैंची उठा ली और छोटे भाई लक्ष्मण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसने सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे लक्ष्मण लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. इस हमले के बाद घर का माहौल चीख-पुकार से गूंज उठा और परिवार के लोग सदमे में आ गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया. हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि एक छोटी सी बात के लिए भाई की हत्या की जा सकती है.

Advertisement

छोटी सी जिद ने भाई को बना दिया हत्यारा
घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से लिखित तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्षणिक गुस्सा किस तरह जिंदगीभर का पछतावा बन सकता है. एक छोटी सी जिद ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया और एक भाई को हत्यारा बना दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement