scorecardresearch
 

'मैंने उन दोनों को मार दिया' लखनऊ में डबल मर्डर कर गुजरात में बेटी को फोन कर बोला 'कातिल' होमगार्ड!

लखनऊ के कृष्णा नगर (भोलाखेड़ा) में होमगार्ड ने पारिवारिक विवाद में सोती हुई पत्नी श्यामा दुलारी और बेटी पूजा की डेटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने 112 पर कॉल कर जुर्म कबूला और थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी-बेटी को मार डाला (Photo- ITG)
लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी-बेटी को मार डाला (Photo- ITG)

लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां भोलाखेड़ा निवासी एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी.  वारदात को शुक्रवार तड़के सोते समय अंजाम दिया गया, जहां आरोपी ने डेटा केबल से दोनों का गला घोंट दिया. दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पहले डायल-112 पर कॉल कर कहा- मैंने मर्डर कर दिया है और फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. 

पुलिस के मुताबिक, घटना भोलाखेड़ा की है, आरोपी रवीन्द्र शंकर (56) लखनऊ में ही होमगार्ड के पद पर तैनात है.  शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे उसने अपनी पत्नी श्यामा दुलारी (50) और बेटी पूजा साहू (32) की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने गुजरात में रह रही अपनी दूसरी बेटी को फोन कर बताया कि उसने मां और बहन को मार डाला है. इसके बाद गुजरात से बेटी ने लखनऊ के पारा इलाके में रहने वाले अपने भाई को खबर दी. 

सुबह करीब 6 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली. पुलिस टीम जब तक मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही आरोपी रवीन्द्र शंकर कृष्णा नगर थाने पहुंच चुका था. पुलिस ने फौरन उसे हिरासत में ले लिया. वहीं, दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही डीसीपी साउथ, एडीसीपी साउथ और एसीपी कृष्णा नगर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. 

Advertisement

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में डबल मर्डर की वजह गहरा पारिवारिक विवाद सामने आ रही है.  जांच में पता चला है कि आरोपी का पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. कुछ समय पहले पत्नी घर से जेवरात लेकर कहीं चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी, हालांकि वह हाल ही में लौटी थी. वहीं, मृतका बेटी पूजा की शादी 2017 में हुई थी. पहले पति से तलाक के बाद 2022 में दूसरी शादी हुई, लेकिन दूसरा रिश्ता भी टूटने के बाद वह मायके में ही रह रही थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.  परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है. आरोपी से पूछताछ जारी है और इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement