उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 16 अप्रैल को हुई युवक गणेश त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. स्वाट सर्विलांस टीम और मितौली थाने की पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है. नीमचेनी गांव निवासी गणेश त्रिपाठी 16 अप्रैल को तेल पिरवाने के लिए घर से निकले थे. लौटते समय रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी और एसपी ख्याति गर्ग ने तीन टीमों का गठन किया था.
जांच के दौरान स्वाट और सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर मृतक की पत्नी संध्या त्रिपाठी और हरदोई निवासी पुरुषोत्तम बाजपेई के बीच लगातार संपर्क का पता लगाया. इसके बाद पुलिस ने संध्या को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ.
पत्नी के इशारे पर पति की गोली मारकर हत्या
पुलिस के अनुसार संध्या त्रिपाठी का पुरुषोत्तम बाजपेई से लंबे समय से संपर्क था. इसके अलावा प्रवेश कुमार नाम के एक अन्य आरोपी भी इस साजिश में शामिल पाया गया. तीनों आरोपियों ने मिलकर योजना बनाई और 16 अप्रैल को घटना को अंजाम दिया.
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि गणेश त्रिपाठी को रास्ते में रोककर 315 बोर के तमंचे से गोली मारकर हत्या की गई. जांच में यह भी सामने आया कि पुरुषोत्तम और प्रवेश पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और उनकी मुलाकात जेल में ही हुई थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.