scorecardresearch
 

सुल्तानपुर: जिस यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर रात में घुसी पुलिस, जानिए उसकी कहानी

सुल्तानपुर जिले में यूट्यूबर और अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर दबिश देने पहुंची पुलिस के साथ कहासुनी का वीडियो सामने आया है. दर्ज मुकदमों की जांच के सिलसिले में पहुंची पुलिस पर परिजनों ने अभद्रता का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस रिकॉर्ड में संजय पर चार मुकदमे दर्ज हैं.

Advertisement
X
यूट्यूबर संजय यदुवंशी (Photo- FB/Sanjay Yaduvanshi)
यूट्यूबर संजय यदुवंशी (Photo- FB/Sanjay Yaduvanshi)

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र में बीते 7 अक्टूबर की शाम पुलिस दर्ज मुकदमों की विवेचना के सिलसिले में यूट्यूबर और अवधी गायक संजय यादव उर्फ यदुवंशी के घर दबिश देने पहुंची थी. आरोप है कि पुलिस द्वारा दरवाजा खुलवाने के प्रयास के दौरान संजय के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की. इस घटना के वायरल वीडियो में संजय का भाई शिवा गालियां बकता नजर आ रहा है, जबकि पिता सियाराम यादव छत से ईंट-गुम्मा ताने दिख रहे हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय यदुवंशी पर एक साल के भीतर विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं. आरोपी की सोशल मीडिया पर तगड़ी फैन फॉलोइंग है. अलग-अलग सोशल प्लेटफॉर्म्स पर उसके लाखों में फॉलोअर्स हैं. 

पुलिस दबिश और परिजनों के रवैये का वीडियो वायरल

आरोप है कि धम्मौर थाने की पुलिस जब संजय यदुवंशी के घर के बाहर पहुंची, तो परिजनों ने दरवाजा खोलने के बजाय अंदर से पुलिस की वर्दी को लेकर अभद्रता शुरू कर दी. संजय के भाई और पिता ने पुलिसकर्मियों से बहस की. इसके बाद पुलिस टीम दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुई, जिसका वीडियो परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

संजय यदुवंशी का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संजय यदुवंशी के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज हैं. इसमें पहला मामला धम्मौर थाने में अपराध संख्या 87/2025 बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज है. दूसरा मुकदमा 61/2026 राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत दर्ज है. तीसरा मुकदमा बंधुआकला थाने में 024/2026 दर्ज है, जबकि चौथा मुकदमा कोतवाली नगर में 474/2026 के तहत दर्ज है, जिसकी विवेचना चल रही है.

Advertisement

पीड़ित और पुलिस का पक्ष

मारपीट के मामले में पीड़ित बच्चे के पिता जफरुल हसन ने बताया कि संजय, उसके भाई शिवा और साथियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी. वहीं धम्मौर थाना अध्यक्ष विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों की ओर से पहले अभद्रता की गई थी और पुलिस की तरफ से कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया है.

मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग

घटना के बाद संजय के पिता सियाराम यादव ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस रात में घर में घुसी और उनके बेटे का एनकाउंटर करना चाहती है. इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकार पर सवाल उठाए. संजय यदुवंशी ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में 9 अक्टूबर को धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.

यह भी पढ़ें: कभी साइकिल के लिए तरसे, आज स्कार्पियो-थार के मालिक; कौन हैं अवधी सिंगर संजय यदुवंशी जिन्हें किया गया नजरबंद? बृजभूषण सिंह के बुलावे पर पहुंचे थे गोंडा

आरोपी का बयान 

संजय यदुवंशी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि उसके खिलाफ धारा 307 का कोई मुकदमा दर्ज नहीं है. उसे जबरन अपराधी बनाया जा रहा है. पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में उसने 9 तारीख (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का ऐलान किया है. संजय ने प्रदेशभर के अपने समर्थकों और अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.

Advertisement

संजय यदुवंशी ने धम्मौर SHO सहित पूरे थाने के कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. उसने कहा कि माता-पिता के सम्मान की रक्षा के लिए वो अपनी जान भी दे सकता है, लेकिन कायरों की तरह पीछे नहीं हटेगा. वहीं, संजय के पिता ने एक वीडियो जारी कर बेटों का पुलिस एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement