उत्तर प्रदेश के कौशांबी में प्रेमी से शादी करने की जिद में 15 वर्षीय किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसे ऊंचाई पर चढ़ा देखकर गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने में जुट गई. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस किशोरी को नीचे उतारने में कामयाब रही.
दरअसल, पूरा मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, किशोरी पिछले कई सालों से एक युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है. हालांकि, दोनों की अलग-अलग जाति होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी. इसी बात से नाराज होकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया.
यह भी पढ़ें: हरियाणा से कौशांबी पहुंचीं रसगुल्ले की 682 पेटियां, खाद्य विभाग ने सील किया पूरा ट्रक
स्थानीय लोगों ने किशोरी को टावर पर चढ़ते देखकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई. देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई. ग्रामीणों ने किशोरी के परिजनों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
माइक से समझाने पर भी नहीं मानी किशोरी
मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने माइक के जरिए किशोरी को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया. लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लगातार उससे बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश जारी रखी.
इसके बाद पुलिस ने किशोरी के परिजनों से बातचीत की और उनकी मदद से उसे समझाने का प्रयास किया. करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई.
थाना प्रभारी बोले- किशोरी से पूछताछ जारी
संदीपन घाट के थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के मुताबिक, किशोरी को मोबाइल टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. शुरुआती पूछताछ में उसने एक युवक से प्रेम करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई है.
पुलिस के अनुसार, किशोरी की उम्र करीब 15 वर्ष है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. टावर पर चढ़ने की घटना के दौरान किसी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस ने उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने पर ध्यान केंद्रित किया.