scorecardresearch
 

Video: बकरियों से भरा ट्रक NH-2 पर पलटा, घायलों को छोड़ लूटने की मची होड़

कौशांबी में बकरीद से पहले बकरियों से भरा ट्रक NH-2 पर पलट गया. हादसे में दो लोग घायल हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय बकरियां लूटने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर ट्रक हटवाया और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
बकरियों पर टूट पड़े लोग.(Photo: Screengrab)
बकरियों पर टूट पड़े लोग.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. बकरीद से पहले इटावा से पश्चिम बंगाल जा रहा बकरियों से लदा एक ट्रक नेशनल हाइवे पर पलट गया. हादसे में दो लोग घायल हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय बकरियों को लूटना शुरू कर दिया. 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और ट्रक हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: कौशांबी: तेज रफ्तार बाइक, 5 सवारी और रीलबाजी... ट्रैक्टर से टक्कर के बाद उड़ गए परखच्चे, 4 की मौत

तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा

मामला कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ के पास नेशनल हाइवे-2 का है. बताया जा रहा है कि इटावा से पश्चिम बंगाल जा रहा बकरियों से लदा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया. हादसे के बाद ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े मदद की गुहार लगाते रहे.

देखें वीडियो...

घटना के बाद हाइवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रक पलटने से कई बकरियां सड़क पर बिखर गईं. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन किसी ने भी घायलों की मदद करने की कोशिश नहीं की.

Advertisement

घायल पड़े रहे, भीड़ बकरियां पकड़ने में जुटी रही

मौके पर जुटी भीड़ ने मानवता को दरकिनार कर दिया. लोगों ने घायल व्यक्तियों की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी बकरियों को पकड़ने और ले जाने की होड़ लगा दी. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग घायल और मरी हुई बकरियों को भी सड़क पर घसीटते नजर आ रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया. साथ ही हाइवे से ट्रक हटवाकर यातायात बहाल कराया गया. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement