
Uttar Pradesh News: हरदोई जिले के चांद बेहटा निवासी रमेश अपनी पत्नी नेहा और तीन माह के बेटे अभिमन्यु के साथ गुड़गांव से निजी कार द्वारा दीपावली का त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे. रास्ते में कन्नौज की सीमा पार करते ही हरदोई के जफरपुर पुलिया के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी.
यह दर्दनाक हादसा रात के समय हुआ. इस भीषण दुर्घटना में रमेश, उनकी पत्नी नेहा और तीन माह के बच्चे अभिमन्यु की मौके पर ही मौत हो गई. कार चला रहे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस ने सुबह करीब चार बजे सूचना मिलने पर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेजा. जिसने भी हादसे की खबर सुनी सन्न रह गया.
गुड़गांव से हरदोई लौट रहा था परिवार
मृतक रमेश (32 वर्ष), उनकी पत्नी नेहा (29 वर्ष) और तीन माह का बेटा अभिमन्यु गुड़गांव से कार द्वारा अपने पैतृक गांव चांद बेहटा (हरदोई) के लिए निकले थे. परिवार में दीपावली मनाने की खुशियां थीं, लेकिन रात के सफर के दौरान यह भीषण हादसा हो गया. कार चला रहे शिवम को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है. इस घटना से दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे परिवार में कोहराम मच गया.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम सुबह करीब चार बजे मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू करते हुए कार से शवों को बाहर निकाला. सभी मृतकों के शवों को कन्नौज के पोस्टमार्टम हाउस लाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उधर, हादसे की सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.