scorecardresearch
 

'बुआ प्रणाम' कहकर उतरवाए कुंडल और जेवर, बुजुर्ग को ऐसे बेवकूफ बनाकर लूट गया ठग

झांसी में बुजुर्ग महिला को रिश्तेदारी का झांसा देकर सोने के जेवर ठगने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने 'बुआ' कहकर अपनापन जताया और चालाकी से कुंडल उतरवा लिए थे. पुलिस ने उसके पास से छीना गया एक कुंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी को जेल भेज दिया गया है.

Advertisement
X
बुजुर्ग को बेवकूफ बनाकर लूट गया ठग (Photo: itg)
बुजुर्ग को बेवकूफ बनाकर लूट गया ठग (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश में झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को रिश्तेदारी का झांसा देकर जेवर ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.

'बुआ प्रणाम' कहकर उतरवाए कुंडल

घटना बीते शुक्रवार की है. बौद्ध नगर निवासी रुनिया देवी घर से कूड़ा फेंकने बाहर निकली थीं. तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा. उसने उनके पैर छूकर प्रणाम किया और उन्हें बुआ कहकर संबोधित किया और दावा किया कि उसकी मां आगे बैठी हैं और उनसे मिलना चाहती हैं. अचानक मिले इस सम्मान और आत्मीय व्यवहार से बुजुर्ग महिला असमंजस में पड़ गईं.

गले की कंठी भी ले ली और बैठा लिया बाइक पर

आरोपी ने बातचीत के दौरान उनके कानों में पहने सोने के कुंडलों की तारीफ की और कहा कि वह अपनी मां के लिए ऐसे ही झुमके बनवाना चाहता है. उसने एक कुंडल दिखाने के बहाने दोनों कुंडल और गले की कंठी उतरवा ली. इसके बाद वह महिला को थोड़ी दूर तक बाइक पर बैठाकर ले गया और मौका पाकर फरार हो गया. शोर सुनकर एक अन्य महिला ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी धक्का देकर भाग निकला.

Advertisement

आधे रास्ते में उतार गया बाइक से

घर पहुंचने पर रुनिया देवी ने परिजनों को पूरी घटना बताई. काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने थाना सीपरी बाजार में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में मोटरसाइकिल सवार युवक की तस्वीर स्पष्ट मिली.

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि 12 फरवरी को दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर राजघाट कॉलोनी पुलिया के पास से विजय कुमार अहिरवार निवासी कुमहर्रा, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से एक कुंडल और बाइक बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement