scorecardresearch
 

गोरखपुर: शादी के 5 महीने बाद प्रेग्नेंट बीवी का मर्डर कर शौहर ने की खुदकुशी; निकहत के लोवर-टीशर्ट पहनने से खफा था शादाब

गोरखपुर के बेलघाट में शादी के महज 5 महीने बाद एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मुंबई के आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी निकहत की उसके पति शादाब ने गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह सामने आई है.

Advertisement
X
गोरखपुर में पति-पत्नी की लाश मिलने के बाद मौके पर जमा भीड़ (Photo- ITG)
गोरखपुर में पति-पत्नी की लाश मिलने के बाद मौके पर जमा भीड़ (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 25 वर्षीय शादाब और उसकी 24 वर्षीय प्रेग्नेंट पत्नी निकहत निशा की उनके बंद कमरे में लाशें मिलीं. शुरुआत में इसे पारिवारिक कलह के कारण सामूहिक सुसाइड माना जा रहा था, लेकिन बुधवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया. शादाब ने सोमवार 11 मई की रात को मुकारीपुर गांव स्थित अपने घर के भीतर पहले अपनी बीवी निकहत को जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद उसने खुद पंखे से लटककर अपनी जान दे दी. यह कदम उसने बीवी के मुंबईया रहन-सहन, पहनावे और खुद की बेरोजगारी को लेकर रोज-रोज होने वाले आपसी विवाद के कारण उठाया.

बचपन का रिश्ता और मोबाइल वाला प्यार

शादाब और निकहत आपस में रिश्तेदार थे. निकहत शादाब की बुआ की बेटी थी और बचपन में ही दोनों की शादी तय कर दी गई थी. वक्त के साथ जब दोनों जवान हुए, तो मोबाइल पर बातचीत के दौरान उनके बीच प्यार हो गया. निकहत अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती थी, जबकि शादाब गोरखपुर के गांव में रहता था. दोनों परिवारों की रजामंदी से पिछले साल 7 नवंबर 2025 को उनका निकाह बेहद धूमधाम से हुआ था, जिसके बाद निकहत मुंबई छोड़कर गोरखपुर की इस ससुराल में आ गई थी.

मुंबईया पहनावा और पुराने ख्यालात की जंग

निकहत बचपन से मुंबई की खुली आबोहवा में पली-बढ़ी थी और इंटर पास थी, जबकि शादाब सिर्फ हाईस्कूल पास था और उसकी सोच पारंपरिक थी. निकहत का घर में लोवर-टीशर्ट पहनना शादाब को बिल्कुल रास नहीं आता था. वह उसे बिरादरी की दुहाई देकर पारंपरिक और तहजीब वाले कपड़े पहनने के लिए टोकता था. वहीं, निकहत को शादाब के रूढ़िवादी विचार पसंद नहीं थे. जब भी शादाब कपड़ों को लेकर टोकता, तो निकहत उसे पुराने ख्यालों वाला कहकर रूढ़िवादी विचारधारा में न बंधने की धमकी देती थी.

Advertisement

बेरोजगारी के ताने और मोबाइल चैट का खुलासा

शादाब के पिता भले ही दुबई में रहते थे, लेकिन शादाब खुद कोई काम नहीं करता था और दिनभर घर पर बेरोजगार बैठा रहता था. निकहत के पिता मुंबई में पेंट पॉलिश का कारोबार करते थे, इसलिए वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर माहौल से आई थी. निकहत अक्सर शादाब पर काम करने का दबाव बनाती थी और उसे बेरोजगार होने के ताने देती थी. पुलिस को जांच के दौरान दोनों के मोबाइल से मिले कई मैसेज में इस कड़वाहट और आपसी तनाव की पूरी पुष्टि हुई है.

मैसेज में छिपा था टूटते रिश्ते का दर्द

मोबाइल चैट से पता चला है कि निकहत ने शादाब को मैसेज किया था कि तुम मुझे कभी घुमाने नहीं ले जाते हो और न ही मेरे लिए खरीदारी करते हो, मैं एक घर में बंद रहने वाली लड़की नहीं हूं. इसके जवाब में शादाब ने लिखा था कि हमारी बिरादरी की लड़कियां इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं, अगर साथ रहना है तो घर में लोवर-टीशर्ट पहनना छोड़ना होगा. सोमवार शाम दोनों उदास बैठे थे और खाना खाकर सोने गए, जिसके बाद यह खौफनाक कांड हो गया.

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश

अगले दिन मंगलवार को जब सुबह देर तक कमरा नहीं खुला, तो शादाब की बहन सुमैया ने आवाज दी. कोई जवाब न मिलने पर जब उसने खिड़की से झांका, तो अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई. शादाब पंखे से लटका था और निकहत बेड पर बेसुध पड़ी थी, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था. एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ है कि पति ने पहले पत्नी को मारा और फिर खुदकुशी की. दोनों के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ चुका था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement