scorecardresearch
 

बदायूं में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की टक्कर में 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

यूपी के बदायूं में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत के बीच फंसे ई-रिक्शा में सवार 6 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं. ये महिलाएं शादी के समारोह के लिए भात मांगने जा रही थीं. पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया है.

Advertisement
X
बदायूं सड़क हादसे में 6 की मौत (Photo- Screengrab)
बदायूं सड़क हादसे में 6 की मौत (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए. हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर उस समय हुआ जब शादी समारोह के लिए भात मांगने जा रही महिलाओं से भरे ई-रिक्शा की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई.

जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा में कुल 9 लोग सवार थे. हादसे में 6 महिलाओं की मौके पर और उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 2 महिलाओं तथा ई-रिक्शा चालक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

मृतकों में प्रेमा (32) पत्नी रामचंद्र, गंगाश्री उर्फ सरला (32) पत्नी वीरपाल, राजुकुमारी (50) पत्नी डाल सिंह, रेवती (80) पत्नी रामचंद्र, नारायणी (30) पत्नी जितेंद्र तथा आरती (30) पत्नी वीरपाल शामिल हैं. आरती ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा चालक एक ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई, जिसके बाद यह भीषण हादसा हुआ.

Advertisement

डीएम ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर चालकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement