scorecardresearch
 

होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू... गाने पर वर्दी में रील, मुश्किल में फंसे SHO साहब

बिहार के मुजफ्फरपुर में गायघाट थाना के थानाध्यक्ष का परिवार के साथ बनाया गया एक रील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में वह वर्दी में नजर आ रहे हैं, जिससे विवाद खड़ा हो गया. प्रारंभिक जांच में पता चला कि वीडियो उनकी पत्नी ने अपने निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था. वायरल होने के बाद वीडियो हटा दिया गया. मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है.

Advertisement
X
मुजफ्फरपुर में गायघाट थाना के थानाध्यक्ष का वायरल. Photo Screengrab
मुजफ्फरपुर में गायघाट थाना के थानाध्यक्ष का वायरल. Photo Screengrab

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक पुलिस पदाधिकारी का रील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. वायरल वीडियो गायघाट थाना के थानाध्यक्ष का बताया जा रहा है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ एक मॉल में नजर आ रहे हैं. वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्मी गाना 'होगा थानेदार तू, मेरा है दिलदार तू, वर्दी का तू रौब जमा ले...' बज रहा है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

वीडियो में थानाध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं. वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने सरकारी वाहन के इस्तेमाल और वर्दी में रील बनाने को लेकर सवाल उठाए. इसके बाद मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया.

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों द्वारा वर्दी में रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने पर रोक लगाने संबंधी निर्देश जारी किए थे. आदेश में स्पष्ट कहा गया था कि ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.

मामले को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच की गई है. जांच में पता चला कि यह वीडियो थानाध्यक्ष की पत्नी द्वारा तैयार किया गया था और उनके निजी इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया था. हालांकि, वीडियो के वायरल होने के बाद उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया.

Advertisement

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए गायघाट थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्राप्त जवाब और तथ्यों की समीक्षा के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement