scorecardresearch
 

UP: बाल खींचे, थप्पड़ मारे, गालियां दी... छात्रा को छात्राओं ने पीटा, यूनिवर्सिटी में रैगिंग से मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी में रैगिंग का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में छात्राएं एक छात्रा के साथ मारपीट करती दिख रही हैं. यूनिवर्सिटी ने जांच समिति बनाई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने या रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
X
निजी यूनिवर्सिटी में छात्रा से मारपीट (Photo: Screengrab)
निजी यूनिवर्सिटी में छात्रा से मारपीट (Photo: Screengrab)

ग्रेटर नोएडा से रैगिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दादरी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में कुछ छात्राओं द्वारा एक अन्य छात्रा के साथ कथित तौर पर रैगिंग की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे परिसर में हलचल पैदा कर दी है. 

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ छात्राएं एक छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार कर रही हैं. वीडियो में छात्राएं पीड़ित छात्रा के बाल खींचकर उसे थप्पड़ मारती दिख रही हैं. इस घटना ने न सिर्फ यूनिवर्सिटी के माहौल को प्रभावित किया है बल्कि सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मामला सामने आते ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन हरकत में आया और तत्काल एक आंतरिक जांच समिति का गठन कर दिया गया. यह समिति पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि करेगी. प्रबंधन के अनुसार, यह कमेटी अगले 4 से 5 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

निजी यूनिवर्सिटी में छात्रा के साथ रैगिंग का आरोप

इस बीच स्थानीय पुलिस भी इस मामले पर नजर बनाए हुए है. एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि वायरल वीडियो करीब 10 से 12 दिन पुराना बताया जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में न तो विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है और न ही पीड़ित छात्रा की तरफ से कोई शिकायत पुलिस को मिली है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि जैसे ही यूनिवर्सिटी की आंतरिक जांच समिति अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी छात्राओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कदम उठाए जाएंगे. इस घटना के सामने आने के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल है.

शिकायत के आधार पर कार्रवाई करेगी पुलिस

सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल सभी की नजरें यूनिवर्सिटी की जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement