उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खतिवान मोहल्ले में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 5 साल की एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब बच्ची अपने घर से बाहर निकल रही थी और सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची अचानक घर से बाहर निकली, तभी तेज गति से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर जमा हो गए.
बताया जा रहा है कि बच्ची को बचाने के प्रयास में बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगाने और दिशा बदलने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा. इसके बाद बाइक चालक पास के नाले में जा गिरा, जिससे वह भी घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए भेजा.
हादसे वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल
इस पूरे हादसे का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सामने आया है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक की गति काफी तेज थी और बच्ची अचानक सड़क पर आ गई, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला. पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक बच्ची के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
इसके अलावा, परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है, जिसके चलते कानूनी प्रक्रिया सीमित दायरे में ही चल रही है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, खासकर रिहायशी इलाकों में जहां छोटे बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है.