scorecardresearch
 

काम नहीं हुआ तो डंडा लेकर तहसील पहुंच गई गोरखपुर की पुष्पा, स्टाफ ने कानूनगो को कमरे में किया सुरक्षित

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की खजनी तहसील में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला हाथ में डंडा लेकर सरकारी रास्ते की पैमाइश की मांग करते हुए पहुंच गई. महिला ने राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को तलाशते हुए विरोध शुरू किया, जिसके बाद कर्मचारियों ने उन्हें एक कमरे में सुरक्षित कर दिया. सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे, महिला को शांत कराया.

Advertisement
X
डंडा लेकर तहसील पहुंची महिला. (Photo: Screengrab)
डंडा लेकर तहसील पहुंची महिला. (Photo: Screengrab)

'मैं झुकेगा नहीं...' फिल्म पुष्पा का ये डायलॉग आपने सुना होगा. लेकिन गोरखपुर में एक ऐसी 'पुष्पा' तहसील पहुंची, जिसने अपने अंदाज से पूरे दफ्तर में हलचल मचा दी. हाथ में डंडा था, चेहरे पर गुस्सा था और निशाने पर थे राजस्व विभाग के अधिकारी. देखते ही देखते तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कर्मचारियों ने आनन-फानन में कानूनगो को एक कमरे में पहुंचा दिया और कुछ ही देर में एसडीएम को खुद मौके पर आना पड़ा.

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की खजनी तहसील का है. यहां सिकरीगंज क्षेत्र के ढाडी जोत गांव की रहने वाली पुष्पा देवी गुरुवार को तहसील पहुंचीं. आरोप है कि वह कई महीनों से गांव के सरकारी रास्ते यानी चकनाली की पैमाइश कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही थीं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, कार्रवाई नहीं हुई.

gorakhpur woman reaches tehsil with stick over land measurement dispute video

गुस्सा आखिरकार गुरुवार को फूट पड़ा. पुष्पा देवी सीधे तहसील परिसर में पहुंचीं. हाथ में डंडा था और वह राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) अवधेश प्रसाद को तलाशने लगीं. विरोध इतना तेज था कि कुछ देर के लिए तहसील का कामकाज प्रभावित हो गया. कर्मचारियों को लगा कि मामला बिगड़ सकता है. एहतियातन राजस्व निरीक्षक को एक कमरे में सुरक्षित कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: एक साल तक डाक नहीं बांटी... हंगामा होते ही डाकिया का खुला राज, कर रहा था ये खेल, सब हैरान! 

Advertisement

तहसील में हंगामे की खबर मिलते ही एसडीएम आनंद कुमार कटारिया मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहले महिला को शांत कराया, फिर पूरा मामला सुना. इसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन की अगुवाई में संयुक्त जांच टीम गठित करने का आदेश दिया. टीम को विवादित जमीन और सरकारी चकनाली की पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं.

आखिर विवाद है क्या?

पुष्पा देवी का आरोप है कि गांव के सरकारी रास्ते पर विवाद है और इसकी पैमाइश के लिए उन्होंने कई बार शिकायत की. तहसील और राजस्व विभाग के चक्कर लगाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि जब लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तब उन्हें इस तरह विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ा. पुष्पा ने अफसर पर रिश्वत लेने के भी आरोप लगाए.

दूसरी तरफ, राजस्व निरीक्षक अवधेश प्रसाद ने महिला के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि महिला उन पर सरकारी जमीन की गलत पैमाइश कराने का दबाव बना रही थीं. उन्होंने कहा कि नियमों के खिलाफ कोई काम नहीं किया जा सकता.

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला हाथ में डंडा लेकर तहसील परिसर में अधिकारियों से बहस करती दिखाई दे रही है. फिलहाल प्रशासन ने जांच का भरोसा दिया है. अब संयुक्त टीम की रिपोर्ट तय करेगी कि सरकारी रास्ते का विवाद क्या है, किसकी बात सही है और आगे क्या कार्रवाई होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement