scorecardresearch
 

ट्रकों से लोहा चोरी कर बेचते थे चालक, कबाड़ी के गोदाम से 10 लाख का माल बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद के लिंक रोड थाना पुलिस ने ट्रकों से लोहा चोरी कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कबाड़ी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. झंडापुर रोड स्थित गोदाम से 10.73 टन चोरी का लोहा, दो ट्रक, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और नकदी बरामद हुई. आरोपी ट्रकों से माल निकालकर कबाड़ी को बेचते थे और वजन में हेरफेर कर चोरी छिपाते थे.

Advertisement
X
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (Photo: Screengrab)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (Photo: Screengrab)

गाजियाबाद के थाना लिंक रोड पुलिस ने ट्रकों से लोहा चोरी कर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कबाड़ी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10.73 टन चोरी का लोहा, दो ट्रक, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और नकदी बरामद की है. बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ट्रकों में लदे लोहे के सामान में से हिस्सा निकालकर उसे कबाड़ी को बेच देता था. चोरी के इस पूरे नेटवर्क में ट्रक चालक भी शामिल थे, जो रास्ते में माल निकालकर उसे कबाड़ी के गोदाम तक पहुंचाते थे.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: मौत को मात देकर लौटे यूट्यूबर सलीम वास्तिक, अस्पताल से आया पहला वीडियो, डॉक्टरों ने दिया बड़ा हेल्थ अपडेट

चेकिंग के दौरान मिली सूचना, गोदाम पर छापा

एसीपी (साहिबाबाद) श्वेता यादव के मुताबिक बीती रात थाना लिंक रोड पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि झंडापुर रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में ट्रकों से चोरी किया गया लोहे का सामान रखा हुआ है.

सूचना के आधार पर पुलिस ने गोदाम पर छापेमारी की और मौके से आसिफ अल्वी, रामवीर, प्रमोद कुमार, अरमान, रवि और लवकुश को गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोदाम से टाटा कंपनी की लोहे की ट्यूब (पाइप), लोहे की शीट्स, एक कॉयल, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, करीब 10,730 किलो लोहा, आठ हजार रुपये नकद और दो ट्रक मय बिल्टी बरामद किए.

Advertisement

ट्रक चालक ने कबूला चोरी का तरीका

पूछताछ में ट्रक चालक रामवीर ने बताया कि वह टाटा कंपनी का माल लेकर ट्रक चलाता है और रास्ते में ट्रक में लदे लोहे के सामान में से कुछ हिस्सा चोरी कर पास के कबाड़ी आसिफ को बेच देता था. उसने बताया कि कई ट्रक चालक इसी तरीके से ट्रकों से एक से दो क्विंटल तक लोहा निकालकर करीब 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच देते थे.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी को छिपाने के लिए ट्रक के वजन में हेरफेर करते थे. चालक ट्रक में 100 से 150 लीटर अतिरिक्त डीजल भरवा लेते थे और 60-60 किलो की दो से तीन प्लास्टिक रबर शीट ट्रक में रख लेते थे. खाली ट्रक का वजन कराते समय इन शीटों को उतार दिया जाता था, जिससे वजन बराबर दिखता था और चोरी पकड़ में नहीं आती थी.

कबाड़ी खरीदकर बाजार में बेचता था माल

पूछताछ में कबाड़ी आसिफ अल्वी ने बताया कि उसने कबाड़ का गोदाम किराये पर ले रखा था, जहां ट्रक चालक चोरी किया हुआ लोहा उसे करीब 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच देते थे. वह इस लोहे को बाजार में 90 से 95 रुपये प्रति किलो तक बेच देता था.

Advertisement

गोदाम में काम करने वाले अरमान, रवि और लवकुश चोरी के माल को उतारने और तौलने में उसकी मदद करते थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) और 317(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement