scorecardresearch
 

हमीरपुर: पोल्ट्री फार्म में आग लगने से करीब 4 हजार मुर्गे जले, ग्रामीणों में मची 'रोस्टेड' चिकन लूटने की होड़

हमीरपुर के कुरारा क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट की वजह से दो पोल्ट्री फार्म जलकर खाक हो गए. इस हादसे में करीब 4 हजार मुर्गों की मौत हो गई. नुकसान के बीच एक अजीब नजारा तब दिखा जब ग्रामीण आग में भुने हुए मुर्गों को बटोरकर अपने साथ ले जाने लगे

Advertisement
X
मुर्गी फ़ार्म में आग लगने के बाद का मंजर (Photo- Screengrab)
मुर्गी फ़ार्म में आग लगने के बाद का मंजर (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाने के कुसमरा गांव में शॉर्ट सर्किट होने से दो पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई. इस घटना में आमिर कुरैशी के फार्म हाउस में तैयार करीब चार हजार मुर्गे और चूजे जलकर मर गए. आग बुधवार को खेतों में बने फार्म में लगी, जिससे मालिक को लगभग 10 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. 

दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था. घटना के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण आग में झुलसे हुए मुर्गों को उठाकर अपने साथ ले गए.

शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, लाखों का नुकसान

खालेपुरा निवासी आमिर कुरैशी के कुसमरा गांव स्थित पोल्ट्री फार्म में यह हादसा हुआ. मजदूरों के अनुसार, अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दोनों फार्म धू-धूकर जल उठे. इन फार्मों में दो-दो हजार मुर्गे बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार थे, जिन्हें जल्द ही ऑर्डर पर भेजा जाना था. आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल दस्ते के पहुंचने से पहले ही 10 लाख का माल खाक हो गया.

भुने हुए मुर्गों की मची लूट

हादसे के बाद एक हैरान करने वाला दृश्य सामने आया. जैसे ही आग बुझी, वहां जमा हुए ग्रामीण मरे हुए मुर्गों को लूटने लगे. लोग दो-दो, चार-चार भुने हुए मुर्गे उठाकर भागते दिखाई दिए. पोल्ट्री फार्म मालिक आमिर कुरैशी ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई. उनका कहना था कि जलकर मरने के बाद वैसे भी इन मुर्गों को फेंकना ही पड़ता, ऐसे में अगर ग्रामीण इन्हें ले गए तो कोई बात नहीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement