scorecardresearch
 

मंगेतर संग घूमने गई लड़की से हुआ था रेप, आरोपी पर 1 लाख का इनाम, पुलिस ने बनाई 7 टीमें, इटारसी जंक्शन पर CCTV में दिखा शातिर

फतेहपुर के खागा क्षेत्र में मंगेतर के साथ गई लड़की से रेप मामले में पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. फरार मुख्य आरोपी पर इनाम 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख कर दिया गया है. 7 टीमें कई राज्यों में दबिश दे रही हैं. दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और जल्द चार्जशीट दाखिल कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी.

Advertisement
X
रेप के आरोप पर पुलिस ने रखा 1 लाख का इनाम (Photo: ITG)
रेप के आरोप पर पुलिस ने रखा 1 लाख का इनाम (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के साथ घूमने गई एक लड़की के साथ रेप की घटना ने गंभीर रूप ले लिया है. यह मामला अब सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं रह गया, बल्कि प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई के कारण लगातार चर्चा में बना हुआ है. पुलिस ने इस मामले में फरार मुख्य आरोपी पर पहले घोषित 50 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है. यह फैसला अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज के निर्देश पर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी बबलू सिंगरौर की तलाश तेज कर दी गई है. आरोपी की लोकेशन को लेकर एक अहम सुराग सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश के इटारसी जंक्शन के सीसीटीवी कैमरे में नजर आया. इस इनपुट के बाद पुलिस और ज्यादा सतर्क हो गई है और गिरफ्तारी के प्रयासों को तेज कर दिया गया है.

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 7 पुलिस टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस को विभिन्न राज्यों के रेलवे प्लेटफॉर्मों पर आरोपी के देखे जाने की सूचना भी मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं. इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं, अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी.

इटारसी जंक्शन पर CCTV में दिखा आरोपी का सुराग

पुलिस प्रशासन ने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों की पहचान शुरू कर दी है. गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत इन संपत्तियों पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. यह कदम आरोपियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए उठाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि इस पूरे मामले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. पीड़िता की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए किसी भी राजनीतिक दल या संगठन को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है. प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय पीड़िता और उसके परिवार को किसी भी तरह के दबाव या असुविधा से बचाने के लिए लिया गया है.

Advertisement

यदि किसी शख्स या संगठन को पुलिस या प्रशासन की कार्रवाई को लेकर कोई आपत्ति या जानकारी चाहिए, तो वो सीधे पुलिस अधीक्षक या जिलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि पीड़िता को सभी आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. पुलिस ने बताया कि पीड़िता को सभी वैधानिक प्रावधानों और मुआवजा योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके. इसके साथ ही मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. पुलिस और अभियोजन पक्ष के बीच समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो सके और आरोपियों को जल्द सजा दिलाई जा सके.

जल्द चार्जशीट और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी
 

इस पूरे मामले की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है. पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर कार्रवाई कर रहा है. बता दें, यह घटना 24 अप्रैल को खागा कोतवाली क्षेत्र में हुई थी, जब लड़की अपने मंगेतर के साथ घूमने गई थी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वह हर संभव प्रयास कर रही है और जल्द ही आरोपी कानून के शिकंजे में होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement