मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों पर प्रदेशवासियों को बिना कटौती के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है. नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ऊर्जा मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं. बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही, छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए.
उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े, जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का काम तत्काल किया जाए.
नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी. इस राहत से घरेलू और व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने लाभ मिलेगा.
नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को नगर विकास विभाग तैयार है. ऐसे में अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के लिए तेजी से काम करना चाहिए.