यूपी के जौनपुर में बैस क्षत्रिय राष्ट्रीय एकता मंच के होली मिलन समारोह में पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अथिति के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने मंच ऐसा बयान दिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने कहा- 'धनंजय सिंह को पूरी कथा पता है कि आखिर बृजभूषण का दबदबा कैसे था और कैसे रहेगा.' इस होली मिलन समारोह कार्यक्रम में बृजभूषण के अलावा जौनपुर के पूर्व बाहुबली सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु मौजूद भी थे.
गौरतलब है कि रविवार को होली मिलन समारोह में जौनपुर पहुंचे गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने समां बांध दिया. पहले उन्होंने होली मिलन समारोह कार्यक्रम में गीत गाये. इसके बाद जब उनके बोलने की बारी आई तो उन्होंने अपने 'दबदबा' अंदाज को कायम रखा. उन्होंने बताया कि वह रोज सुबह उठते हैं और अपनी कमी ढूंढते हैं. उसके बाद उस कमी को दूर करते हैं.
उन्होंने बताया कि जैसे पहले आल्हा गया जाता था कि 'एक उदल के जियरा पर के तीन लाख तलवार' वैसे ही कुछ तलवारें उनके ऊपर भी चमक रही थीं लेकिन दबदबा था दबदबा है और दबदबा रहेगा क्योंकि मैंने अपनी कमी को दूर किया. उन्होंने लोगों को बल, बुद्धि हासिल करने और आचरण में सुधार की नसीहत भी दी.
इस दौरान मीडिया से बातचीत में ईरान को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण सिंह भड़क गए. उन्होंने कहा कि जब आप चैन से सो रहे हैं तो क्यों ईरान-ईरान कर रहे हैं. मालूम हो कि रविवार को बृजभूषण शरण लगभग 3 घंटे तक जौनपुर के तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में मौजूद रहे. दोपहर 1:00 बजे वह अपनी निजी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आए थे.