scorecardresearch
 

'गैंगस्टर अब पैंट गीली कर रहे हैं', यूपी में कानून-व्यवस्था पर बोले CM योगी आदित्यनाथ

यूपी में बॉटलिंग प्लांट के 'भूमि पूजन' के बाद सीएम योगी ने एक सभा को संबोधित किया. यहां उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि लोग अब देख रहे हैं कि जो लोग पहले कानून और व्यवस्था का सम्मान नहीं करते थे, वे अब अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे हैं.

Advertisement
X
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दावा किया कि कानून व्यवस्था की परवाह किए बिना रंगदारी की धमकियां देकर लोगों का अपहरण करने वाले गैंगस्टर अब कोर्ट से सजा मिलने के बाद अपनी पैंट गीली कर रहे हैं. दरअसल, एक बॉटलिंग प्लांट के 'भूमि पूजन' के बाद सीएम योगी ने एक सभा को संबोधित किया. यहां उन्होंने कहा कि लोग अब देख रहे हैं कि जो लोग पहले कानून और व्यवस्था का सम्मान नहीं करते थे, वे अब अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे हैं.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक उन्होंने कहा, "जब अदालत ने उन्हें सजा सुनाई तो उनकी गीली पैंट दिखाई दे रही थी. लोग इसे देख रहे हैं. माफिया लोगों को आतंकित करते थे, उद्योगपतियों को जबरन वसूली की धमकी देते थे, व्यवसायियों का अपहरण करते थे. लेकिन आज वे डरे हुए हैं और और अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे हैं.

उनकी यह टिप्पणी एमपी/एमएलए कोर्ट द्वारा अतीक अहमद और दो अन्य को 2006 के उमेश पाल अपहरण मामले में दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के कुछ दिनों बाद आई है. अतीक अहमद को पहली बार किसी मामले में सजा मिली है. जबकि उसके खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हैं.

कोर्ट में पेशी के लिए सपा के 60 वर्षीय पूर्व सांसद अतीक अहमद को प्रयागराज लाया गया था. उसे गुजरात की साबरमती जेल से सड़क मार्ग से लाया गया था. पुलिस काफिले में जेल से निकलने से पहले अहमद ने कहा था कि उसे डर है कि उसकी हत्या की जा सकती है. कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद अतीक को फिर से साबरमती जेल में शिफ्ट किया गया है.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement