scorecardresearch
 

‘अन्याय और अपमान के खिलाफ दें जनादेश’, भाजपा MLC देवेंद्र प्रताप सिंह के बगावती तेवर, सपा प्रत्याशीको दिया समर्थन

भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी को समर्थन देकर यूपी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है. फेसबुक पोस्ट में उन्होंने शिक्षक और प्रतियोगी युवाओं को अपना परिवार बताया. 12 अक्टूबर को गोरखपुर में भाजपा कार्यक्रम के बाद उनकी नाराजगी की चर्चा तेज हुई थी.

Advertisement
X
भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह (Photo- ITG)
भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. बीजेपी के बागी और विधान परिषद (MLC) सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के एमएलसी उम्मीदवार संजयन त्रिपाठी को अपना खुला समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. 

इस घटनाक्रम से पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी खुलकर सामने आ गई है और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है.  सूत्रों और मिली जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र प्रताप सिंह पिछले कुछ समय से पार्टी से खासे नाराज चल रहे थे.

इसकी मुख्य वजह 12 अक्टूबर को गोरखपुर में आयोजित बीजेपी का एक कार्यक्रम था, जहां कथित तौर पर उन्हें मंच पर स्थान नहीं दिया गया था. इसके बाद से ही उनके बागी तेवर देखने को मिल रहे थे, जो अब खुलकर सामने आ चुके हैं.   देवेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने हाथ से लिखा एक पत्र साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष और पीड़ा को बयां किया है.

यह भी पढ़ें: 'BJP बूथ अध्यक्ष को घर से उठाकर मारी गोली', आजमगढ़ एनकाउंटर को MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया फर्जी, पुलिस पर उठाए सवाल

Advertisement

देवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने पत्र में शिक्षक और प्रतियोगी नौजवानों को अपने परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि न्याय के लिए उनके संघर्ष को अपमानित किया गया है. उन्होंने लिखा कि जो शिक्षक साथी न्याय पाने की ललक रखते हैं और उनके संघर्ष में विश्वास करते हैं, वे 23 अक्टूबर को अन्याय और अपमान के खिलाफ सशक्त जनादेश दें.

पत्र में उन्होंने लिखा, "शिक्षक और प्रतिभाशाली प्रतियोगी नौजवानों के हित के लिए मेरा पूरा जीवन समर्पित है... न्याय के लिए हमारे संघर्ष को अपमानित किया गया." उन्होंने आगे लिखा कि जिन लोगों के मन में न्याय पाने की ललक है और जिन्हें उनके संघर्ष पर विश्वास है, ऐसे सभी शिक्षक साथी अन्याय व अपमान के खिलाफ आगामी 23 अक्टूबर को सशक्त जनादेश दें.   

इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी आलाकमान बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ क्या कदम उठाता है, क्योंकि यह बगावत पार्टी के लिए आगामी चुनावों में नुकसानदेह साबित हो सकती है. फिलहाल, देवेंद्र प्रताप सिंह के इस समर्थन से सियासी चर्चा तेज हो गई है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement