scorecardresearch
 

'लोग इशारों में कहते, चिंता मत करना हम आपके साथ', यूपी के मंत्री ने बताया बंगाल में कितना मुश्किल था प्रचार

पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद भाजपा में उत्साह है और झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मनाया जा रहा है. आयुर्वेद मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने इसे कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम बताया. उन्होंने चुनाव के दौरान माहौल, समर्थन और विपक्ष पर आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है.

Advertisement
X
झालमुड़ी बनी जीत के जश्न का खास प्रतीक (Photo: Screengrab)
झालमुड़ी बनी जीत के जश्न का खास प्रतीक (Photo: Screengrab)

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. इस जीत के जश्न में एक खास बात सामने आई है, जहां पश्चिम बंगाल का लोकप्रिय फास्ट फूड झालमुड़ी जश्न का प्रतीक बन गया है. पार्टी नेता और कार्यकर्ता इस पारंपरिक स्नैक के साथ जीत का आनंद ले रहे हैं.

उत्तर प्रदेश सरकार में आयुर्वेद मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु, जो पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी रहे, इन नतीजों को लेकर खासे उत्साहित नजर आए. उन्होंने चुनाव के दौरान गली-गली जाकर प्रचार किया था और अब नतीजे आने के बाद वह एक तरफ टीवी पर चुनावी परिणाम देख रहे हैं, तो दूसरी तरफ झालमुड़ी का स्वाद ले रहे हैं.

झालमुड़ी बनी जीत के जश्न का खास प्रतीक

दयाशंकर मिश्रा ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. उन्होंने बताया कि जब वो प्रचार के लिए गलियों में जाते थे, तब लोग खुलकर समर्थन नहीं कर पाते थे, लेकिन इशारों में भरोसा दिलाते थे कि वो भाजपा के साथ हैं. उनके अनुसार, वहां का माहौल ऐसा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं का बहिष्कार किया जाता था और उन्हें प्रताड़ित किया जाता था.

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में अराजकता और गुंडाराज का माहौल था, जिससे आम जनता परेशान हो चुकी थी. उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा पूजा के जुलूस को रोका गया और ताजिया के जुलूस को प्राथमिकता दी गई. साथ ही उन्होंने हिंदू मंदिरों पर अवैध कब्जे के आरोप भी लगाए.

विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों के दुरुपयोग के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस बार केवल बोगस वोटिंग को रोका गया है. उनके अनुसार, किसी भी सही मतदाता का नाम नहीं काटा गया, बल्कि केवल फर्जी वोटरों को हटाया गया है.

बदलाव के लिए लोगों ने भाजपा पर जताया भरोसा

दयाशंकर मिश्रा ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के कई शहर देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल हैं और वहां सरकार नाम की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं थी. उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर लोगों ने अपने अस्तित्व और जीवन स्तर को सुधारने के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है.

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां खून के आंसू रोकर राजनीतिक लड़ाई लड़ी है और आज की जीत उसी संघर्ष का नतीजा है. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रवास के दौरान झालमुड़ी एक ऐसा भोजन बन गया था, जो स्वादिष्ट होने के साथ लोगों को जोड़ने का काम करता था. अब उसी झालमुड़ी के साथ इस जीत का जश्न भी मनाया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement