scorecardresearch
 

बिजनौर में शराब के विवाद में खूनी तांडव: बहस के बाद दबंग ने ट्रैक्टर से कुचलकर तीन लोगों को मार डाला

यूपी के बिजनौर में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि बहस के बाद एक युवक ने सड़क किनारे खड़े लोगों पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे गांव में तनाव फैल गया है.

Advertisement
X
बिजनौर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी (Photo- ITG)
बिजनौर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बीती रात करीब 8 बजे शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद दत्तीयाना निवासी आरोपी वीरेंद्र ने सड़क किनारे बातचीत कर रहे लोगों पर तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इसमें उदयवीर, बाबूराम और महेंद्र की मौत हो गई. शराब के ठेके पर हुई मामूली बहस के बाद आरोपी ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया. घटना में एक महिला और आरोपी चालक वीरेंद्र भी घायल हुए हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. 

शराब के ठेके से शुरू हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि दत्तीयाना गांव के वीरेंद्र और जमालुद्दीनपुर के सतवीर के बीच शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर बहस हो गई थी. विवाद शांत होने के बाद कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. तभी वीरेंद्र वहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर लेकर आया और सीधे लोगों पर चढ़ा दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया और ट्रैक्टर भी वहीं पलट गया.

इलाज के दौरान तीसरे शख्स ने भी तोड़ा दम

ट्रैक्टर की सीधी चपेट में आने से उदयवीर और बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल महेंद्र को परिजन बिजनौर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. हादसे में घायल एक महिला का चांदपुर में इलाज चल रहा है, जबकि पलटे ट्रैक्टर के नीचे आकर घायल हुए आरोपी वीरेंद्र को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग

एक साथ तीन मौतों से गांव में हड़कंप मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. दो अलग-अलग गांवों से जुड़ा मामला होने के कारण गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement