उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक प्रेम कहानी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंचकर शादी की जिद पर अड़ गई. परिजनों के लाख समझाने और पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद युवती अपनी बात पर कायम रही. आखिरकार दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने युवती की जिद के आगे हार मान ली और मंदिर में दोनों की शादी करा दी.
जानकारी के अनुसार धामपुर क्षेत्र के गांव कुंवर बसेड़ा निवासी हिमानी का गांव बमनोली निवासी चंद्रभान के साथ पिछले करीब पांच साल से प्रेम संबंध था. दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और समय के साथ उनका रिश्ता गहरा होता गया. बताया जाता है कि हिमानी कई बार चंद्रभान से शादी की बात कह चुकी थी, लेकिन चंद्रभान हर बार किसी न किसी कारण से बात टाल देता था.
इसी बात से परेशान होकर हिमानी रविवार सुबह अपने घर से निकलकर सीधे चंद्रभान के घर पहुंच गई. वहां पहुंचते ही उसने साफ कह दिया कि वह शादी करने आई है और बिना शादी किए वापस नहीं जाएगी. उसने यह भी कहा कि वह जीएगी तो चंद्रभान के साथ और रहेगी भी उसी के साथ. युवती की बात सुनकर प्रेमी और उसके परिवार के लोग हैरान रह गए. परिवार ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी भी कीमत पर अपनी बात से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई. मामला बढ़ता देख चंद्रभान के परिजनों ने हिमानी के परिवार को भी सूचना दी.
परिजनों और पुलिस की समझाइश भी नहीं आई काम
कुछ ही देर में युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने भी घंटों तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन हिमानी शादी की जिद पर अड़ी रही. उसने साफ कहा कि अब वह बिना शादी किए यहां से नहीं जाएगी. काफी कोशिशों के बाद भी जब वह नहीं मानी तो नाराज होकर उसके परिजन उसे वहीं छोड़कर वापस चले गए.
मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया. बाद में मामला थाने तक पहुंच गया. थाने में दोनों परिवारों और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के बीच बातचीत हुई. काफी विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों ने युवती की इच्छा को देखते हुए शादी कराने का फैसला किया. इसके बाद थाने से करीब 200 मीटर दूर पंजाबी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में दोनों को ले जाया गया. वहां परिवार और अन्य लोगों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई.
शिव मंदिर में एक-दूसरे को पहनाई जयमाला
शादी की रस्म के दौरान चंद्रभान ने हिमानी की मांग में सिंदूर भरा. दोनों से उनकी सहमति भी पूछी गई और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही. इसके बाद दोनों ने साथ निभाने का वचन लिया. शादी पूरी होने के बाद हिमानी अपने पति चंद्रभान के साथ उसके घर चली गई. अब यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.