scorecardresearch
 

'तूफान आया... और मैं उड़ता चला गया', बरेली के नन्हे मियां ने सुनाया वो खौफनाक मंजर; 50 फीट ऊंचाई से गिरकर जिंदा बचे

Bareilly Storm Viral Video: बरेली के भमोरा में तूफान के दौरान 50 फीट हवा में उड़े नन्हे मियां ने आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि उड़ते टीनशेड को रस्सी से रोकने की कोशिश में वे खुद हवा में उछल गए. हादसे में घायल नन्हे मियां का इलाज जारी है. डीएम ने अधिकारियों को राहत कार्यों के लिए अलर्ट किया है.

Advertisement
X
बरेली के नन्हे मियां ने सुनाई आपबीती (Photo- Screengrab)
बरेली के नन्हे मियां ने सुनाई आपबीती (Photo- Screengrab)

यूपी के बरेली जिले से ऐसा वीडियो सामने आया जिसने सभी हैरान कर दिया. इस वीडियो में एक शख्स हवा में उड़ता नजर आ रहा है. कुछ देर बाद वह खेत में जाकर गिरता है. दरअसल, शख्स  टीन की शेड पकड़कर तूफान से बचना चाह रहा था, लेकिन इतनी जोर की आंधी चली कि वह टीन शेड के साथ ही करीब 50 फीट ऊपर आसमान में उड़ गया. अब उस शख्स का बयान सामने आया है और उसने आपबीती बयां की है.

आपको बता दें कि बरेली में आंधी-तूफान के दौरान 50 फीट हवा में उड़ने वाले शख्स का बयान सामने आया है. पीड़ित की पहचान भमोरा इलाके के बबियाना गांव निवासी 50 वर्षीय नन्हे मियां (पुत्र वहीद अंसारी) के रूप में हुई है. मीडिया से बातचीत में नन्हे मियां ने बताया कि वे तूफान से बचने के लिए लोहे के पोल की रस्सी पकड़कर खड़े थे. तभी अचानक इतनी तेज हवा आई कि वे रस्सी समेत करीब 50 फीट ऊपर हवा में उड़ गए. उन्होंने बताया कि उस वक्त उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया. इस हादसे में उन्हें चोटें आई हैं और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है.

बकौल नन्हे मियां- 'हवा आई...हमें नहीं पता था कि कितनी तेज आई. मैंने रस्सी पकड़ रखी थी और हवा के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई पर ऊपर उड़ता चला गया. उस वक्त कुछ दिखाई ही नहीं दिया. मुझे काफी चोटें आई हैं. सांस लेने में दिक्कत हो रही है.'

Advertisement

तूफान  का शिकार हुए नन्हे मियां ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे और उनके साथी उड़ते हुए टीनशेड को बचाने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने टीनशेड को रोकने के लिए उसकी रस्सी पकड़ ली थी, लेकिन हवा का वेग इतना प्रचंड था कि वह नन्हे मियां को ही 50 फीट ऊपर उड़ा ले गया. इस हादसे में उन्हें चोटें आई हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. गनीमत रही कि उनके साथ मौजूद अन्य लोग सुरक्षित हैं. प्रशासन ने इस घटना की पुष्टि करते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है.

गौरतलब है कि बरेली में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले दो दिनों से जारी चक्रवाती तूफान और भारी आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बीती रात आए तूफान के कारण शहर में कई विशालकाय पेड़ उखड़ गए, जिससे सड़कों पर खड़े वाहन दबकर क्षतिग्रस्त हो गए और कई रास्ते बाधित हुए हैं. इस आपदा में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है.

हालात को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का मुख्य फोकस सड़कों से पेड़ हटाकर यातायात सुचारू करने और प्रभावितों को तुरंत सहायता पहुंचाने पर है. डीएम ने अधिकारियों को फील्ड पर मौजूद रहने और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement