Uttar Pradesh News: बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव में पुलिस की दबिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल, पुलिस को सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी, जिस पर दारोगा विशेष कुमार कुरील की टीम ने छापेमारी की. पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई और पकड़े जाने के डर से दो आरोपी पास ही बह रही गोमती नदी में कूद गए. इनमें से एक युवक तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन सराय रावत निवासी घनश्याम साहू नदी की गहराई में लापता हो गया. सोमवार सुबह एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने घंटों की तलाश के बाद घनश्याम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
छह आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद
रविवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से भाग रहे छह जुआरियों को पीछा करके पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अबू बकर, आशीष कुमार मिश्र, मायाराम, सुंदरलाल, मोहम्मद जैद और अयोध्या प्रसाद के रूप में हुई है. पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों की तलाशी के दौरान कुल 13,830 रुपये की नकदी बरामद की है. पकड़े गए सभी आरोपियों को थाने लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
नदी किनारे खड़ी मिली बाइक
कोठी थाना इंचार्ज धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छापेमारी के बाद जब पुलिस टीम को नदी किनारे एक लावारिस बाइक खड़ी मिली, तब उन्हें शक हुआ. जांच करने पर पता चला कि कुछ लोग नदी में कूदे थे. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतक घनश्याम साहू दुकान चलाता था. पुलिस की आहट मिलते ही वह नदी में कूद गया था. रविवार देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और शव बरामद हुआ.
एसडीआरएफ की टीम ने निकाला शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया था. सोमवार सुबह जैसे ही घनश्याम का शव गोमती नदी से बाहर निकाला गया, परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नदी से बाहर निकलने वाला दूसरा व्यक्ति कौन था.