उत्तर प्रदेश के बांदा में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता पर अवैध तमंचे से गोली चला दी. आरोप है कि पिता ने उसे अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने अपने मामा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. गोली लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
वारदात बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव की है. यहां रहने वाले महादेव ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे और साले ने पारिवारिक और जमीन-जायदाद के विवाद में उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली मार दी है. सूचना मिलते ही पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
यह भी पढ़ें: मामा संग शराब पार्टी, फिर मामी संग आपत्तिजनक हालत में मिला भांजा... बांदा में उस रात क्या हुआ?
घायल महादेव के कंधे पर सीने के पास गोली लगी थी. पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
संपत्ति से बेदखली बनी विवाद की वजह, मामा के साथ मिलकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, बेटे को अपने पिता की संपत्ति से बेदखल किए जाने को लेकर नाराजगी थी. इसी पारिवारिक और जमीन-जायदाद के विवाद में उसने अपने मामा के साथ मिलकर पिता पर हमला कर दिया. आरोपियों ने अवैध तमंचे से गोली चलाई, जो महादेव के कंधे पर सीने के पास लगी.
गोली चलने की सूचना पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है. उधर, घटना के बाद गांव में तनाव और बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.
डिप्टी SP बोले- पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता को मारी गोली
डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि बबेरू कोतवाली क्षेत्र की मुरवल चौकी में देर शाम घरेलू और पारिवारिक विवाद की सूचना मिली थी. जानकारी दी गई थी कि बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी है. फायरिंग में गोली उनके कंधे पर लगी थी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया. पीड़ित की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.