scorecardresearch
 

बांदा में आसमान से बरस रही 'आग', पारा फिर 42 डिग्री के पार...गर्मी की वजह तलाश रहे वैज्ञानिक

Banda Weather: यूपी के बांदा जिले में एक बार फिर तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है. जिला प्रशासन ने वैज्ञानिकों की टीम गठित करके गर्मी के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन और वैज्ञानिक मिलकर हीटवेव प्रबंधन और जलवायु अनुकूलन के लिए प्रभावी मॉडल बनाएंगे.

Advertisement
X
बांदा में क्यों पड़ रही इतनी गर्मी, 48 डिग्री के पार पहुंच गया था तापमान (फाइल फोटो- ITG)
बांदा में क्यों पड़ रही इतनी गर्मी, 48 डिग्री के पार पहुंच गया था तापमान (फाइल फोटो- ITG)

बुंदेलखंड की धरती एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में है. तापमान इतना बढ़ रहा है कि जैसे सूरज ने अपनी सारी तपिश धरती पर उतार दी हो. देश के सबसे गर्म जिलों में शामिल यूपी के बांदा जिले में आखिर इतनी गर्मी क्यों पड़ रही है? यह जांच करने के लिए यूपी शासन ने 6 वैज्ञानिकों की टीम जमीन पर उतारी है. इस टीम की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए हीटवेव प्रबंधन एवं जलवायु अनुकूलन का प्रभावी मॉडल तैयार करेगा, जिससे बांदा में प्रचंड गर्मी को कंट्रोल किया जा सके.

यूपी के बांदा में जून में भीषण गर्मी का कहर जारी है. 42 डिग्री के पार तापमान के साथ बांदा सोमवार को एक बार फिर देश का सबसे गर्म जिला रहा. इस चिलचिलाती गर्मी में पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त है. दोपहर के समय सड़कों पर एकदम सन्नाटा पसर रहा है. लोग घर से बाहर निकलने से पहले एक बार सोचने को मजबूर हैं, जरूरत या मजबूरी में आवाजाही करने वाले लोग पूरे शरीर को कवर करके निकल रहे हैं. 

वहीं, जिला प्रशासन ने जरूरी व्यवस्थाओं के दुरुस्त करने का दावा किया है. DM का कहना है कि हमारी टीम एक्टिव है, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कूलिंग सेंटर के साथ ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है. साथ ही एक्सपर्ट ये जांच कर रहे हैं कि आखिर लगातार गर्मी क्यों बढ़ रही है. बता दें कि मौसम विभाग ने बीते दिनों बांदा को पूरे विश्व मे सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया था, जब तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया था.

Advertisement

बांदा के डीएम ने शासन से इतनी भीषण गर्मी की जांच के लिए एक्सपर्ट की मांग की थी जो बांदा पहुंचकर जिले की भौगोलिक स्थिति, भूजल स्तर की जांच, नदियों सहित पेड़ पौधों की भी जांच कर रहे हैं. वहीं, इस गर्मी की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिसमें डायरिया, बुखार, सर्दी-जुकाम के मरीज देखने को मिल रहे हैं. डॉक्टर्स गर्मी से सावधान और बचाव की सलाह दे रहे हैं. 

जिले के डीएम अमित आसेरी ने आजतक से खास बातचीत में बताया कि इन दिनों फिर बांदा का तापमान बढ़ रहा है. हमने अस्पतालों को एक्टिव किया है, कूलिंग सेंटर बनाए हैं, साथ ही आवाजाही वाले स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था की है. पशु-पक्षियों की भी जरूरी व्यवस्था आम जनता के साथ मिलकर की गई है. हम गर्मी की वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं. आखिर क्यों गर्मी बढ़ रही है. वैज्ञानिकों की टीम की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, गर्मी कम करने की दिशा में काम किया जाएगा.

गर्म क्यों हो रहा बांदा? वजह तलाशने मैदान में उतरे वैज्ञानिक, प्रशासन बनाएगा एक्शन प्लान

वैज्ञानिक तलाश रहे गर्मी की असल वजह

वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सामान्य गर्मी नहीं है. इसके कई कारण हो सकते हैं. 

Advertisement
  • हीट डोम: हवा के ऊपरी हिस्से में गर्म हवा का गुबार बन जाता है, जो गर्मी को नीचे फंसाए रखता है.
  • जलवायु परिवर्तन: ग्लोबल वार्मिंग की वजह से हर साल गर्मी बढ़ रही है. CO2 और अन्य गैसों से पृथ्वी गर्म हो रही है.
  • अल नीनो का असर: समुद्र की गर्म धाराएं मौसम को प्रभावित करती हैं. 2026 में इसका असर ज्यादा देखा जा रहा है.

इसके अलावा बुंदेलखंड में जंगलों की कटाई, सूखा और शहरी गर्मी (अर्बन हीट आइलैंड) भी गर्मी बढ़ा रहे हैं. 

गर्मी से बचाव के लिए क्या करें? 

  • सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर न निकलें.
  • ठंडा पानी, नारियल पानी और छाछ पिएं.
  • हल्के रंग के कॉटन के कपड़े पहनें.
  • धूप में बाहर निकलना जरूरू हो तो सिर ढककर या छाता लेकर जाएं.
  • पुराने पेड़ों को बचाएं और नए लगाएं, यह लंबे समय में मदद करेगा.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement